न्यूयॉर्क, 28 नवंबर (वार्ता) अमेरिका में थैंक्सगिविंग त्योहार के रंग में भंग डालने आए तूफान के कारण पूरे देश में भारी बारिश, तेज हवाओं, बाढ़ और बर्फबारी से देश के कई इलाके प्रभावित हुए हैं और दो लाख 60 हज़ार से ज्यादा घरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। इस बीच, त्योहारों के मौसम में हवाई यात्रा भी बुरी तरह बाधित हुई है।
अमेरिका और कनाडा में हर साल नवंबर के चौथे गुरुवार को मनाया जाने वाला त्योहार थैंक्सगिविंग ईश्वर का आभार व्यक्त करने का दिन है, हालांकि इस साल यह बिगड़े हुए मौसम की भेंट चढ़ गया।
पेन्सिलवेनिया और न्यू जर्सी इस तूफान में सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले राज्य हैं। मेरीलैंड और वर्जिनिया में भी कई इलाकों में बिजली कटी है। तूफान के कारण एक समय पर मिडवेस्ट, ओहायो घाटी और पूर्वी तट में बिजली अवसंरचनाएं प्रभावित होने से 10 लाख से ज्यादा घरों में बिजली चली गई थी।
बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम शुक्रवार को भी जारी रहा, हालांकि कुछ घरों में कई दिनों तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने की आशंका है।
पेन्सिल्वेनिया की बिजली कंपनी पीपीएल इलेक्ट्रिक यूटिलिटीज ने कहा कि यह तूफान उसके इतिहास के 20 सबसे बड़े तूफानों में से एक था। मरम्मत कार्य में सहायता के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों और दलों को भी बुलाया गया है। बिजली आपूर्ति पर नजर रखने वाली वेबसाइट पावरआउटेज डॉट यूएस के अनुसार, शुक्रवार तड़के पेंसिल्वेनिया में करीब 1.46 लाख उपभोक्ता बिजली के बिना थे। राज्य के पूर्वी हिस्से में सबसे अधिक बिजली कटौती दर्ज की गयी। पूर्वोत्तर क्षेत्र के वेन और सस्केहाना काउंटी सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल थे।
न्यू जर्सी में जर्सी शोर के पास स्थित मॉनमाउथ काउंटी में करीब 18 प्रतिशत बिजली उपभोक्ताओं की आपूर्ति बाधित रही, जबकि पड़ोसी ओशन काउंटी में 30,000 से अधिक उपभोक्ता बिजली के बिना थे। तूफान से हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। उड़ानों पर नजर रखने वाले आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को अमेरिका के भीतर, वहां आने-जाने वाली 3,400 से अधिक उड़ानों में देरी हुई और करीब 670 उड़ानें रद्द कर दी गयीं। फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के मुताबिक, थैंक्सगिविंग के दिन भी 2,500 से अधिक उड़ानों में देरी हुई और 450 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई थीं। इससे छुट्टियों के दौरान घर लौट रहे या परिवार और दोस्तों से मिलने जा रहे लाखों लोगों की यात्रा प्रभावित हुई।
तटीय इलाकों के कई समुदायों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गयी। मैरीलैंड और डेलावेयर के कुछ हिस्सों में पुलों और सड़कों को बंद करना पड़ा। तेज हवाओं ने तटीय क्षेत्रों को प्रभावित किया, जबकि वर्जीनिया के कुछ इलाकों में ज्वार का पानी बढ़ने से सड़कें और बुनियादी ढांचे जलमग्न हो गए। अमेरिकी राजधानी के पास स्थित रोनाल्ड रीगन वाशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट पर भी जलभराव की खबरें आयीं। मिसौरी में भारी बर्फबारी के कारण सेंट लुइस महानगरीय क्षेत्र के आसपास बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इससे 70,000 से अधिक उपभोक्ता प्रभावित हुए।
बिजली कंपनी अमेरन मिसौरी ने चेतावनी दी कि आपूर्ति बहाल करने में कई दिन लग सकते हैं। तूफान के कारण गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात कई राज्यों के कुछ हिस्सों में आपातकाल घोषित किया गया। इनमें न्यूयॉर्क भी शामिल है, जहां कुछ इलाकों में रिकॉर्ड बारिश हुई। राष्ट्रीय मौसम सेवा के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, न्यूयॉर्क शहर के सेंट्रल पार्क में करीब दो इंच बारिश दर्ज की गयी। यह वहां थैंक्सगिविंग के दिन अब तक की सबसे अधिक बारिश थी। तूफान के कारण शहर की वार्षिक मैसीज थैंक्सगिविंग डे परेड भी शनिवार तक स्थगित करनी पड़ी। अपने 100 साल के इतिहास में पहली बार इस परेड को स्थगित किया गया है।
शुक्रवार को तूफान कमजोर पड़ने के साथ पूर्वी तट के कुछ हिस्सों में मौसम की स्थिति में सुधार होने लगा। हालांकि, राष्ट्रीय मौसम सेवा ने चेतावनी दी कि ऊंचे ज्वार के कारण तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बना रह सकता है। मौसम पूर्वानुमानकर्ताओं ने रविवार शाम तक पूर्वी तट के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं के एक और दौर की आशंका जतायी है, जिससे फिर से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
इस बीच, वाशिंगटन डीसी के आसपास के क्षेत्र में करीब 20 लाख जल उपभोक्ताओं से पानी का इस्तेमाल सीमित रखने की अपील वापस ले ली गयी है। थैंक्सगिविंग के दिन दो जल शोधन संयंत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद लोगों से केवल आवश्यक कार्यों के लिए पानी इस्तेमाल करने को कहा गया था। डब्ल्यूएसएससी वाटर ने शुक्रवार सुबह जारी परामर्श में कहा, “दोनों जल शोधन संयंत्र उपभोक्ताओं की मांग पूरी करने के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल का उत्पादन कर रहे हैं। कल आए भीषण तूफान से उत्पन्न बाधाएं कम हो गयी हैं।” कंपनी ने कहा, “जल शोधन और वितरण प्रणाली सामान्य रूप से काम कर रही है। विश्वसनीय सेवा बनाए रखने के लिए डब्ल्यूएसएससी वाटर प्रणाली के संचालन पर लगातार नजर रखेगा।”

