ग्वालियर। लखेश्वरी माता मार्ग के पास रूअर मुंडरी के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार मां-बेटे को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार 55 वर्षीय अमीना बानो पत्नी इदरीश खान, निवासी पनिहार की मौत हो गई, जबकि उनका 26 वर्षीय पुत्र रमजान खान गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार मां-बेटे बाइक से भितरवार से अपने गांव पनिहार की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान रूअर मुंडरी के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अमीना बानो को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल रमजान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भितरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया गया है। आज शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना बैलगढ़ा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन के संबंध में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है
