भोपाल। क्या मध्यप्रदेश में अब खनन के लिए भी विधायक की सहमति जरूरी होगी? भाजपा विधायक सचिन बिरला के एक पत्र ने प्रदेश की राजनीति में नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, विधायक सचिन बिरला ने मांग की है कि उनके विधानसभा क्षेत्र में उनकी जानकारी और सहमति के बिना खनन कार्य नहीं किया जाए। इसी पत्र को लेकर कांग्रेस नेता अभिनव बरोलिया माली ने सवाल उठाए हैं।
बरोलिया माली का कहना है कि खनन की अनुमति देना प्रशासन और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है, न कि किसी जनप्रतिनिधि के व्यक्तिगत नियंत्रण का विषय। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की मांग सत्ता के दुरुपयोग और अवैध वसूली की संभावनाएं पैदा कर सकती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मामले का संज्ञान लेकर विधायक के पत्र की मंशा स्पष्ट करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि क्या खनन व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की सहमति की कोई भूमिका तय होगी, या फिर इस पत्र पर सरकार अपना रुख स्पष्ट करेगी?
