मानवता की मिसाल: गंभीर बीमारी से जूझ रही कर्मचारी दिव्या के लिए ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट ने स्वीकृत किए ₹7 लाख

ओंकारेश्वर, तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर के प्रसिद्ध श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट ने संकट की घड़ी में अपने एक कर्मचारी के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। ट्रस्ट ने संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत 25 वर्षीय सुश्री दिव्या सोलंकी के इलाज के लिए ₹7 लाख की तत्परता से आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुश्री दिव्या सोलंकी पिछले कुछ समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रही हैं। तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सीय जांच में उनकी दोनों किडनियां खराब होने की पुष्टि हुई। हालांकि, परिवार के लिए राहत की बात यह रही कि किडनी दानदाता (डोनर) की व्यवस्था हो गई है, लेकिन ऑपरेशन और आगे के उपचार के लिए लगभग ₹7 लाख का खर्च अनुमानित था।

दिव्या अपने परिवार की आजीविका का एकमात्र मुख्य सहारा हैं। अत्यंत चुनौतीपूर्ण आर्थिक स्थिति को देखते हुए उनकी माता श्रीमती रमा सोलंकी ने मंदिर ट्रस्ट से मदद की गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रबंध ट्रस्टी श्री राव पुष्पेंद्र सिंह और मुख्य कार्यपालन अधिकारी व एसडीएम पुनासा श्री पंकज वर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया और बिना किसी देरी के उपचार हेतु ₹7 लाख की पूरी राशि मंजूर कर दी।

इस बड़े संबल के लिए भावुक होते हुए श्रीमती रमा सोलंकी ने मंदिर ट्रस्ट का हृदय से आभार व्यक्त किया। वहीं, प्रबंध ट्रस्टी श्री राव पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि ट्रस्ट संकट की इस घड़ी में अपने हर कर्मचारी और उसके परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने दिव्या को एक अत्यंत कर्तव्यनिष्ठ व जिम्मेदार कर्मचारी बताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। वर्तमान में श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट प्रबंधन और समस्त कर्मचारीगण दिव्या के सफल किडनी प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) और दीर्घायु होने के लिए बाबा ओंकारेश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।

Next Post

सांस्कृतिक आस्था का नया केंद्र: ओंकारेश्वर में 'भारत माता मंदिर' का लोकार्पण 8 नवंबर को, संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले होंगे मुख्य वक्ता

Fri Nov 6 , 2026
ओंकारेश्वर, तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर स्थित श्री मार्कंडेय संन्यास आश्रम प्रांगण में नवनिर्मित ‘भारत माता मंदिर’ का भव्य लोकार्पण आगामी 8 नवंबर (रविवार, कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी) को होने जा रहा है। आधुनिक सांस्कृतिक आस्था और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक के रूप में निर्मित इस भव्य मंदिर में भारत माता की प्रतिमा विराजमान […]

You May Like