इंदौर: त्योहारों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की है. इंदौर और आसपास के रेलवे स्टेशनों से कुल 8 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. वहीं, इंदौर से संचालित होने वाली करीब 55 प्रमुख ट्रेनों में लगभग सभी में वेटिंग की स्थिति बनी हुई है. यह जानकारी रेलवे अधिकारी मुकेश कुमार ने दी.
मुकेश कुमार के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्रियों को राहत देने के लिए इंदौर, डॉ. अंबेडकर नगर (महू) और लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन से 8 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. इन ट्रेनों के माध्यम से मुंबई, योगनगरी, निजामुद्दीन, खड़की, पटना, रीवा और श्रीगंगानगर सहित विभिन्न शहरों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी. रेलवे अधिकारी ने बताया कि मुंबई के लिए दो स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. इनमें एक ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होती है, जबकि दूसरी ट्रेन के फेरे बढ़ाकर अब उसे सप्ताह में तीन दिन चलाया जा रहा है. इसके अलावा इंदौर से योगनगरी के लिए दो स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं. निजामुद्दीन और खड़की के लिए भी एक-एक स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंदौर से चलने वाली करीब 55 प्रमुख ट्रेनों में लगभग सभी में वेटिंग चल रही है। हालांकि, रेलवे के पास फिलहाल प्रत्येक ट्रेन में वेटिंग यात्रियों की संख्या का अलग-अलग आंकड़ा उपलब्ध नहीं है.
महू से पटना और रीवा के लिए भी ट्रेनें
इंदौर के अलावा डॉ. अंबेडकर नगर (महू) से पटना और रीवा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. वहीं, इंदौर से भी एक अतिरिक्त स्पेशल सेवा उपलब्ध कराई गई है. लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन से श्रीगंगानगर के लिए भी स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है.
नवंबर के अंतिम सप्ताह तक बढ़ाया संचालन
रेलवे अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि लक्ष्मीबाई नगर से श्रीगंगानगर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन का संचालन नवंबर के अंतिम सप्ताह तक बढ़ा दिया गया है. त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाने और अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है.
