पांढुरना:पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से एक नाबालिग बालिका को संभावित अनहोनी से बचाते हुए सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाया गया। डायल-112 पर सूचना प्राप्त हुई कि आजनगांव के पास नाबालिक बालिका उम्र 14 वर्ष, निवासी थाना मोहगांव, अकेली भटक रही है। बालिका के अकेले होने तथा उसके साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाई।
सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरवी टीम बिना देरी किए मौके के लिए रवाना हुई और बालिका को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर चौकी बड़चिचोली पहुंची। इसके बाद कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना मोहगांव में पदस्थ उपनिरीक्षक नन्हेलाल मरावी ने बालिका के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। आवश्यक समन्वय के पश्चात बालिका को सकुशल उसके घर पहुंचाकर परिजनों के सुपुर्द किया गया।समय पर मिली सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बालिका को सुरक्षित संरक्षण मिला तथा संभावित अप्रिय घटना को टालने में मदद मिली। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस की अपील
बच्चों को अकेला या असहाय अवस्था में देखने पर उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और तत्काल डायल-112 पर सूचना दें। आपकी एक छोटी-सी पहल किसी बड़ी अनहोनी को रोक सकती है।
