मुंबई, 25 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में बीते सप्ताह प्रमुख सूचकांकों में दो फीसदी से अधिक की गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर कच्चे तेल की कीमत और कंपनियों के तिमाही परिणामों पर रहेगी।
अगले सप्ताह सेंसेक्स की कंपनियों में एलएंडटी, मारुति सुजुकी, हिंदुस्तान यूनीलिवर, इंडिगो, ट्रेंट, बीईएल और एनटीपीसी के दूसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम जारी होने वाले हैं। साथ ही सितंबर माह के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े भी जारी किए जाएंगे। वैश्विक स्तर पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मुक्त बाजार समिति की बैठक 27 और 28 अक्टूबर को होने वाली है। निवेशकों की नजर इस बैठक पर भी रहेगी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने से पिछले सप्ताह शेयर बाजारों में गिरावट रही। पश्चिम एशिया संकट गहराने से लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा सप्ताहांत तक 117 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। इसने घरेलू बाजारों पर दबाव बनाया और प्रमुख सूचकांकों से अधिक दबाव वृहत बाजार पर दिखा। आने वाले सप्ताह में भी कच्चे तेल में उतार-चढ़ाव का असर देखा जाएगा।
गत सप्ताह बीएसई का सेंसेक्स 1,605.44 अंक (2.15 प्रतिशत) टूटकर सप्ताहांत पर 73,123.83 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 546.15 अंक यानी 2.36 प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट में शुक्रवार को 22,600 अंक पर रहा।
वृहत बाजार में बिकवाली अधिक रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 5.19 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 7.27 प्रतिशत लुढ़क गया।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 25 के शेयर लाल निशान में रहे। सप्ताह के दौरान ट्रेंट का शेयर सबसे अधिक 8.19 प्रतिशत गिर गया। एनटीपीसी में 5.85 प्रतिशत, एक्सिस बैंक में 5.63 और बजाज फाइनेंस में 5.59 फीसदी की गिरावट रही। एचडीएफसी बैंक का शेयर 4.94 प्रतिशत, टाटा स्टील का 4.76, बजाज फिनसर्व का 4.66, बीईएल का 4.51 और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 4.11 प्रतिशत टूट गया।
कोटक महिंद्रा बैंक ने 3.57 प्रतिशत, टाइटन ने 3.39, इंडिगो ने 3.24, महिंद्रा एंड महिंद्रा ने 2.47, इटरनल ने 2.46, अडानी पोर्ट्स ने 2.27 और आईटीसी ने 2.21 प्रतिशत का नुकसान उठाया। मारुति सुजुकी का शेयर 1.94 फीसदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.65, पावरग्रिड का 1.49 और एशियन पेंट्स का 1.20 फीसदी नीचे बंद हुआ। सन फार्मा का शेयर 0.97 प्रतिशत, भारती एयरटेल का 0.79, इंफोसिस का 0.61, भारतीय स्टेट बैंक का 0.49 और आईसीआईसीआई बैंक का 0.13 प्रतिशत फिसल गया।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर सबसे अधिक 3.34 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त में रहा। टीसीएस में 2.64 फीसदी, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.26, एलएंडटी में 0.36 और टेक महिंद्रा में 0.08 फीसदी की तेजी रही।
