नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चीनी औसतन 54 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हो गई। चीनी के साथ चावल, गेहूं और दालों के दाम भी बढ़ गए जबकि खाद्य तेलों में मिलाजुला रुख रहा।
त्योहारी मांग आने से चीनी में लगातार तीसरे सप्ताह तेजी रही। बीते सप्ताह मीठे के बाजार में चीनी का औसत भाव 54 रुपये बढ़कर सप्ताहांत पर 5,443 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। गुड़ भी 32 रुपये महंगा हुआ। खुदरा बाजार में भी चीनी में 73 पैसे प्रति किलोग्राम की औसत बढ़त रही।
सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत तीन रुपये बढ़कर सप्ताहांत पर 4,315 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। गेहूं की कीमत 20 रुपये बढ़कर 2,910 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। आटा भी 28 रुपये महंगा हुआ और 3,377 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया।
सप्ताह के दौरान तुअर दाल की औसत कीमत 98 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। चना दाल 86 रुपये और उड़द दाल 51 रुपये महंगी हुई। मूंग दाल की कीमत 31 रुपये और मसूर दाल की 10 रुपये बढ़ गई।
बीते सप्ताह सरसों तेल औसतन 110 रुपये और मूंगफली तेल 63 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। वनस्पति में 38 रुपये और सोया तेल में 22 रुपये की तेजी रही। वहीं, पाम ऑयल 20 रुपये फिसल गया। सूरजमुखी तेल की कीमत कमोबेश पिछले कारोबारी दिवस पर ही स्थिर रही।
