टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग: हथियार सप्लायर प्रांजल ठाकरान इंदौर से गिरफ्तार

इंदौर। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर क्राइम ब्रांच की मदद से हरियाणा के सोनीपत निवासी 22 वर्षीय प्रांजल ठाकरान को गिरफ्तार किया है. वह करीब पांच दिन पहले अपने भाई का इलाज कराने इंदौर आया था और परदेशीपुरा क्षेत्र में ठहरा हुआ था. गिरफ्तारी के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच उसे पूछताछ के लिए मुंबई ले गई है.

मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुरुवार रात इंदौर क्राइम ब्रांच से संपर्क कर प्रांजल के इंदौर में होने की जानकारी दी थी. इसके बाद तकनीकी सर्विलांस और मिले इनपुट के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया गया. शनिवार को मुंबई और इंदौर क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने परदेशीपुरा क्षेत्र में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया. कार्रवाई में मुंबई क्राइम ब्रांच के करीब चार अधिकारी और इंदौर क्राइम ब्रांच के लगभग आठ पुलिसकर्मी शामिल थे.

प्रांजल पर फायरिंग की साजिश में शामिल होने और हथियार सप्लाई करने का आरोप है. जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि उसका फायरिंग करने वाले शूटरों से किस तरह का संपर्क था और उसने वारदात को अंजाम देने के लिए कोई मदद या संसाधन उपलब्ध कराए थे या नहीं. उसके अन्य आरोपियों से संपर्क और हथियारों की सप्लाई में भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जाएगी. 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच से छह राउंड फायरिंग हुई थी. बाइक सवार हमलावरों ने कार पर गोलियां चलाईं और मौके से भाग निकले. अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे. घटना के बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध होने का दावा करते हुए वारदात की जिम्मेदारी ली थी. हालांकि, प्रांजल के इस गैंग से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस फायरिंग की साजिश और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में संदिग्ध की भूमिका को लेकर मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर पुलिस से संपर्क किया था, मिले इनपुट के आधार पर उसकी लोकेशन पता कर संयुक्त कार्रवाई की गई. प्रांजल को गिरफ्तार कर मुंबई क्राइम ब्रांच आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है.

Next Post

खाद घोटाले में दोहरी एफआईआर: तत्कालीन प्रबंधक के पास 426 फीसदी अधिक संपत्ति उजागर

Sat Oct 24 , 2026
सतना : जिले के नागौद क्षेत्र अंतर्गत जसो थाना क्षेत्र के ग्राम सिजहटी में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेवा सहकारी समिति अमकुई के तत्कालीन प्रभारी प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह बघेल के आवास पर दबिश दी. सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई इस छापेमारी में जांच […]

You May Like