मोहखेड़ पुलिस ने तीन दिन में सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, पिता गिरफ्तार

छिंदवाड़ा। मोहखेड़ पुलिस ने ग्राम कामठी में हुई 44 वर्षीय कमलेश राऊत की हत्या के मामले का महज तीन दिन में खुलासा करते हुए मृतक के 65 वर्षीय पिता मेहताप राऊत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शराब पीकर पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी पिता ने कथित तौर पर लकड़ी की पटिया से बेटे के सिर पर वार किया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी की पटिया जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 सितंबर को ग्राम कामठी निवासी कमलेश पिता मेहताप राऊत की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। मृतक के पिता मेहताप ने पुलिस को सूचना दी कि कमलेश अपने कमरे में जमीन पर बिछे गद्दे पर मृत अवस्था में पड़ा था। उसके सिर पर चोट के निशान थे और कान से खून निकल रहा था। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को हत्या की आशंका हुई। जांच में सामने आया कि 28 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे से शाम 4:50 बजे के बीच अज्ञात आरोपी ने कमलेश के गले पर दबाव डालने के साथ किसी ठोस वस्तु से उसके सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई थी। इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया।

पूछताछ में पिता पर गहराया संदेह ०००००

पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। इसके बाद पुलिस ने मृतक के पिता मेहताप राऊत से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि 28 सितंबर को सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच कमलेश शराब पीकर घर आया था और पैसे मांगने को लेकर विवाद करने लगा। गाली-गलौज और झगड़े के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर लकड़ी की पटिया से कमलेश के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद उसे धक्का लगा, जिससे वह पलंग की पेटी के सिरहाने लगे एंगल से टकराकर जमीन पर गिर गया। शरीर में हलचल नहीं होने पर उसे गद्दे पर लिटाकर आरोपी खेत चला गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद घटना में प्रयुक्त लकड़ी की पटिया जब्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा साक्ष्य छिपाने का प्रयास भी किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका ००००००

हत्या के इस मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी मोहखेड़ निरीक्षक सुनील उइके, सहायक उपनिरीक्षक कमल सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र बिंदवारी, प्रधान आरक्षक बिसराम इनवाती, आरक्षक संतोष नर्वेती एवं आरक्षक रविदास बरमैया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

रेलवे लाइन पर मिला अज्ञात शव, पुलिस जांच में जुटी

Sat Oct 24 , 2026
छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल के मर्चुरी कक्ष में शनिवार को जीआरपी पुलिस द्वारा ट्रेन से कटने के कारण मृत एक अज्ञात व्यक्ति का शव लाया गया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस शव की शिनाख्त करने और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। प्राप्त […]

You May Like