
सीधी । सीधी जिले के रामपुर नैकिन-चुरहट क्षेत्र में पहली बार रेल सेवा शुरू होने के अवसर पर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। देवेंद्रनगर-चुरहट ट्रेन सेवा के शुभारंभ के बाद उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, चुरहट के पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी, देव कुमार सिंह चौहान ने आम नागरिकों के साथ चुरहट से गोविंदगढ़ तक ट्रेन में यात्रा की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों के साथ रेल सेवा शुरू होने की खुशी साझा की। वर्षों से रेल कनेक्टिविटी की प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्र के लोगों के लिए यह यात्रा विशेष महत्व रखती है। पहली बार अपने क्षेत्र में ट्रेन का संचालन होते देख आम नागरिकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह रहा। रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन के पहुंचने के दौरान लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। विभिन्न स्टेशनों पर मौजूद नागरिकों ने इस नई सुविधा को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों में दिखा उत्साह-
नई रेल सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिला है। विद्यार्थियों के लिए शिक्षा से जुड़े केंद्रों तक पहुंचना अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है। वहीं, नौकरी और व्यवसाय के सिलसिले में यात्रा करने वाले लोगों को भी लाभ मिलेगा। स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर खुशी रही कि अब क्षेत्र को रेल नेटवर्क के माध्यम से दूसरे स्थानों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। बेहतर रेल संपर्क से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने, स्थानीय उत्पादों के बाजार तक पहुंचने और रोजगार की संभावनाएं बढ़ने की उम्मीद है।
सभी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन का गर्मजोशी से स्वागत-
चुरहट से गोविंदगढ़ तक यात्रा के दौरान ट्रेन के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने पर लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। क्षेत्रवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने इस अवसर को यादगार बनाया। लोगों के लिए यह केवल नई ट्रेन सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि लंबे समय से प्रतीक्षित रेल संपर्क के साकार होने का अवसर था। रेल सेवा से चुरहट, गोविंदगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई दिशा
रामपुर नैकिन-चुरहट क्षेत्र के पहली बार रेल सेवा से जुड़ने से विंध्य क्षेत्र में यात्री परिवहन के विस्तार का नया अध्याय शुरू हुआ है। रेल संपर्क बढ़ने से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय बाजार, परिवहन सेवाओं और पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। देवेंद्रनगर-चुरहट ट्रेन सेवा का शुभारंभ क्षेत्रवासियों के लिए ऐतिहासिक अवसर रहा। जनप्रतिनिधियों ने आम नागरिकों के साथ यात्रा कर इस उपलब्धि की खुशी साझा की, वहीं रेलवे स्टेशनों पर लोगों का उत्साह इस नई सुविधा के प्रति उनकी अपेक्षाओं को दर्शाता रहा।
