उमरिया: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दशहरा की छुट्टियों के दौरान पर्यटन ने नया रिकॉर्ड बनाया है। 19 से 21 अक्टूबर तक तीन दिनों में कुल 2680 पर्यटकों ने पार्क का भ्रमण किया।इस सीजन में पहली बार 19 अक्टूबर की सुबह की पारी में पर्यटकों की संख्या 500 के पार पहुंचकर 577 दर्ज की गई। इसके बाद 20 अक्टूबर को सुबह 536 और 21 अक्टूबर को 519 पर्यटकों ने सफारी की। तीन दिनों में 530 वाहनों से पर्यटक कोर और बफर क्षेत्र में सफारी के लिए पहुंचे। पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर कोर के साथ बफर क्षेत्र में भी देखने को मिला। 19 अक्टूबर को बफर क्षेत्र में 177 पर्यटकों ने भ्रमण किया। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने और होटल व्यवसाय को फायदा होने की उम्मीद है। 21 अक्टूबर की शाम साप्ताहिक बंदी के कारण कोर क्षेत्र में सफारी बंद रही, जबकि बफर क्षेत्र में 112 पर्यटकों ने भ्रमण किया।
नए बाघ भी दिखाई दिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय के अनुसार, त्योहारी सीजन में पर्यटन बढ़ने से राजस्व में वृद्धि के साथ वन्यजीव संरक्षण के प्रति जन- जागरूकता भी बढ़ रही है। इन तीन दिनों में पर्यटकों को बाघों के दीदार भी हुए। इस बार पर्यटन क्षेत्र में कुछ नए बाघ भी दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान की जाएगी।
