मोहगाँव पुलिस की कार्रवाई: घर की बाड़ी से 26 किलो से अधिक वजनी गांजे का पौधा जब्त, आरोपी गिरफ्तार

सौंसर :अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहगाँव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम डुड्डेवानी में दबिश देकर एक मकान के पीछे बाड़ी से 26 किलो 300 ग्राम वजनी गांजे का हरा पौधा जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 लाख 31 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
​मुखबिर की सूचना पर गठित टीम ने की कार्यवाही
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को मोहगाँव थाना पुलिस को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम डुड्डेवानी निवासी सुरजीराम सलामे ने अपने मकान के पीछे स्थित बाड़े में बाथरूम के पास अवैध रूप से गांजे का पौधा उगा रखा है। सूचना की तस्दीक और कार्रवाई के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित कर बताए गए पते पर दबिश दी गई।
​मौके पर मिला गांजे का विशाल पौधा
दबिश के दौरान पुलिस टीम को मकान मालिक सुरजीराम सलामे मिला। पुलिस जब उसे साथ लेकर मकान के पीछे बाड़े में बाथरूम के पास पहुंची, तो वहां गांजे का एक बड़ा पौधा लगा पाया गया। मौके पर पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि यह पौधा उसी ने लगाया था। पुलिस ने विधिवत पंचनामा तैयार कर 26.300 किलोग्राम वजनी गांजे के पौधे को जब्त कर लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
​एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज
मामले में पुलिस ने आरोपी सुरजीराम पिता मनाजी सलामे 53 वर्ष निवासी ग्राम डुड्डेवानी के विरुद्ध थाना मोहगाँव में अपराध क्रमांक 88/26, धारा 8, 20(ए) नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सबस्टेंस NDPS एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
इनकी रही ​सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय मरकाम, उपनिरीक्षक नन्हेलाल मरावी, सहायक उपनिरीक्षक कमल गोनेकर, आरक्षक योगेश एवं आरक्षक वैभव की विशेष भूमिका रही। टीआई अजय मरकाम का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार और खेती के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Next Post

भिड़ंत, तीन घायल

Fri Oct 23 , 2026
सिंगरौली: जिले के रजमिलान-माड़ा मुख्य मार्ग पर रम्पा में सवारियों से भरे ऑटो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माड़ा ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। […]

You May Like