ग्वालियर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा विजयादशमी के पावन अवसर पर बुधवार को शहर में भव्य पथ संचलन और शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्ण गणवेश में अनुशासित कदमताल करते हुए सैकड़ों स्वयंसेवकों ने क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
शस्त्र पूजन के साथ हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ हरे कृष्णा पार्क, कृष्णानगर में परंपरा अनुसार शस्त्र पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात स्वयंसेवकों का पथ संचलन हरे कृष्णा पार्क से प्रारंभ होकर गोले का मंदिर चौराहा, मिश्रा हॉस्पिटल के सामने और इन्द्रमणी नगर होते हुए संस्कृती गार्डन पहुंचा, जहां संचलन का समापन हुआ।
जगह-जगह हुआ नागरिक अभिनंदन
पथ संचलन के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों एवं समाजसेवियों द्वारा स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति के जयकारों के बीच अनुशासित ढंग से निकलते स्वयंसेवकों को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ जमा रही।
संघ पदाधिकारियों ने दिया सकारात्मक बदलाव का संदेश
संस्कृती गार्डन में आयोजित सभा में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने स्वयंसेवकों एवं उपस्थित प्रबुद्धजनों को संबोधित किया। वक्ताओं ने संघ की शताब्दी वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों को एकजुट करने और भेदभाव समाप्त करने पर जोर दिया गया।
आचरण और दैनिक जीवन में बदलाव लाने के लिए पंच परिवर्तन के सिद्धांतों को अपनाने की प्रेरणा दी गई। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र का अनुसरण करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का समापन प्रार्थना के साथ शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ
