नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (वार्ता) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सिंथेटिक मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए भोपाल के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से 9.139 किलोग्राम मेथामफेटामाइन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मादक पदार्थ जब्त कर लिया गया है।
वित्त मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि डीआरआई ने यह कार्रवाई 20 अक्टूबर को मिली विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर की। डीआरआई अधिकारियों ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक बस के भोपाल आईएसबीटी पहुंचने पर उसमें यात्रा कर रहे एक पुरुष यात्री को रोका। यात्री के सामान की तलाशी लेने पर दो मध्यम आकार के ट्रॉली बैग में रखे सलवार सूट के पैकेटों के भीतर छिपाकर रखे गए क्रिस्टलीय मेथामफेटामाइन के 11 प्लास्टिक पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 9.139 किलोग्राम पाया गया। मौके पर किए गए परीक्षण में बरामद पदार्थ में मेथामफेटामाइन की पुष्टि हुई।
एजेंसी ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया। डीआरआई के अनुसार, यह कार्रवाई देश के विभिन्न शहरों के बीच संचालित परिवहन नेटवर्क के जरिये खतरनाक सिंथेटिक मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के प्रयासों का हिस्सा है।
डीआरआई ने हाल के दिनों में भी इस तरह की कई बड़ी कार्रवाइयां की हैं। पूर्वोत्तर क्षेत्र में एक अभियान के दौरान 231.8 किलोग्राम मेथ टैबलेट जब्त की गई थीं, जिनके म्यांमार से तस्करी कर लाए जाने का संदेह था। इसी तरह तमिलनाडु में 137 किलोग्राम संदिग्ध क्रिस्टल मेथामफेटामाइन बरामद किया गया था। इस खेप को समुद्री मार्ग से श्रीलंका भेजे जाने की कथित योजना थी।
Wed Oct 21 , 2026
नयी दिल्ली 21 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि भारत की तीव्र प्रगति से बौखलाई विदेशी और कुछ स्वदेशी राष्ट्र विरोधी शक्तियां देश को अस्थिर करने का षडयंत्र रच रही है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन […]