
दतिया। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा के नेतृत्व में मंगलवार को नगर की मुख्य मार्गों से पैदल मार्च निकालकर किला चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए नगर के मुख्य मार्गों से पैदल मार्च करते हुए निर्धारित स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए और आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया। दतिया विधायक घनश्याम सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता जरूरी है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं चुनाव प्रक्रिया को लेकर यदि सवाल उठते हैं,तो उनका गंभीरता से समाधान किया जाना चाहिए। प्रदेश महासचिव अवधेश नायक ने कहा कि जनता का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास कायम रहना चाहिए और चुनाव से जुड़े सवालों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। जिला कांग्रेस संगठन महासचिव नरेन्द्र गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी। विरोध प्रदर्शन में दतिया विधायक घनश्याम सिंह, जिलाध्यक्ष अशोक दांगी वगदा, अवधेश नायक, जिला कांग्रेस संगठन महासचिव नरेंद्र गुर्जर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मौहम्मद अरसद रज्जन भाई, अजय शुक्ला, संतोष लिटोरिया, नाहर सिंह यादव, आनन्द शर्मा, केपी यादव, गुड्डी जाटव आदि उपस्थित रहे।
