
दमोह। पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जमुनिया माँल के उमराहो गाँव की कालोनी में मंगलवार एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ कुँए में कूद गई। स्थानीय लोगों ने चिल्लाने की आवाज सुनी तो मौके पर पहुँचे और चारों को बाहर निकाल कर इलाज के लिए पथरिया स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहाँ जाँच के बाद डॉक्टरों ने माँ और दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया, वहीं एक बच्ची को सकुशल बचा लिया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल घटना का कोई स्पष्ट कारण निकलकर सामने नहीं आया है। पति और सास के अनुसार उन्हें भी घटना की जानकारी नहीं है कि बहू ने इतना घातक कदम क्यों उठाया।
जानकारी के मुताबिक मृतिका की पहचान 28 वर्षीय मंजू पति नेतराम उर्फ निजाम सिंह गौण के रूप में हुई है, जबकि चार वर्षीय बेटी अन्नू और तीन साल के अनुज की मौत हो गई।
पाँच वर्षीय आरुषि की जान बचाई
मृतिका की सास के अनुसार सुबह मंजू अपने तीन बच्चों के साथ घर से निकली और कुछ दूरी पर जाकर कुँए में कूद गई, करीब आधे घंटे बाद प्रभात फेरी के लिए वहाँ से कुछ लोग निकल रहे थे उन्होंने आरुषि के चिल्लाने की आवाज सुनी तो वह लोग कुँए के पास पहुँचे और तत्काल परिजन और ग्रामीणों को सूचना दी सभी ने रेस्क्यू कर महिला और तीनों बच्चों को बाहर निकाला।
मृतिका की माँ ने लगाए आरोप
सांगा तेंदूखेड़ा निवासी मृतिका की माँ उमारानी ने बताया कि मेरी बेटी की शादी 7 साल पहले पथरिया के ग्राम उमराहों (जमुनिया) में हुई थी पति शराब का आदी था, घटना के पहले भी कई बार मेरी बेटी और साथ मारपीट की। अपनी हैसियत के हिसाब से बेटी को दहेज में सब कुछ दिया, उसके बाद भी पति द्वारा दहेज को लेकर प्रताड़ना दी जाती थी। हम लोगों को दूसरे गाँव के व्यक्ति द्वारा घटना की जानकारी मिली।
