
बमाको, 20 अक्तूबर (वार्ता) माली के पूर्वोत्तर मेनाका क्षेत्र में आवासीय शिविरों पर सोमवार तड़के हथियारबंद लोगों के हमले में 40 से अधिक नागरिक की मौत हो गई।
हमलावर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए और उन्होंने मेनाका शहर से लगभग 50 किलोमीटर दूर टिनाबो गांव तथा तगादयात क्षेत्र और उसके आसपास मुख्य रूप से दाऊसाहाक समुदाय के लोगों की बस्तियों पर हमला बोल दिया।
दाऊसाहाक समुदाय के कार्यकारी ब्यूरो ने इस हमले के पीछे आतंकवादी संगठन ‘दाएश’ (आईएसआईएस) का हाथ होने की आशंका जताई है। उन्होंने इस घटना को ‘नरसंहार’ करार देते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है और मेनाका में शरण लेने वाले विस्थापित पीड़ितों के लिए आपातकालीन मानवीय सहायता की अपील की है।
सशस्त्र संगठन ‘एमएसए’ का उदय भी इसी समुदाय से हुआ था।
एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मरने वालों की संख्या 50 तक पहुंच गई है। उन्होंने उल्लेख किया कि बंदूकधारियों ने “युवाओं और बुजुर्गों सहित हर उस चीज पर गोलियां चलाईं जो हिलती-डुलती दिखी।”
एक निर्वाचित स्थानीय अधिकारी ने भी 50 से अधिक शव देखने की पुष्टि की। माली 2012 से एक बहु-मोर्चे वाले सुरक्षा संकट से जूझ रहा है, जहां राष्ट्रीय सशस्त्र बल और अर्धसैनिक सहयोगी उग्रवादी समूहों, तुआरेग अलगाववादी गुटों और आपराधिक नेटवर्क से लोहा ले रहे हैं।
देश में 2020 और 2021 में हुए तख्तापलट के बाद से सेना ने सत्ता अपने हाथ में ले रखी है।
