
सतना. जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुदरहा घाट पर सोमवार की शाम दर्शनार्थयों से भरे एक आटो के पलट जाने के कारण उसमें सवार दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गए. घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल नागौद ले जाया गया. लहां पर 7 श्रद्धालुओं के अधिक चोटिल होने के कारण उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के नागौद क्षेत्र का निवासी जायसवाल परिवार सोमवार को आटो में सवार होकर धार्मिक स्थल कोदरनाथ में दर्शन पूजन करने के लिए गया हुआ था. जहां पर दर्शंन पूजन करने के बाद शाम को परिवार के दर्जन भर से अधिक सदस्य उसी आटो में सवार होकर वापस लौटने लगे. बताया गया कि श्रद्धालुओं से भरा आटो जैसे ही उचेहरा क्षेत्र के सदरहा घाट से होकर गुजर रहा था कि अचानक उसी दौरान एक बाइक सामने आ गई. बाइक को बचाने के चक्कर में चालक ने आटो को मोड़ दिया. लेकिन मोड़ते ही आटो अनियंत्रित हो गया और पलटते हुए सडक़ छोडक़र किनारे कुछ फीट गहरी खाईं में जा गिरा. दुर्घटना होते ही लोगों के बीच चीख पुकार मच गई. वहीं आस पास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद करने के साथ ही घटना की सूचना डायल 112 को दी गई. कुछ देर बाद ही घायलों को उपचार के लिए नागौद स्थित सिवल अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर दो लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. जबकि 5 लोगों को भर्ती कर उपचार शुरु किया गया. वहीं दूसरी ओर 7 घायलों को अधिक चोट आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सतना रेफर कर दिया गया.
महिलाएं-बच्चे अधिक प्रभावित
दुर्घटना में घायल होने वालों में महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक रही. जिला चिकित्सालय लाए गए ममता 23 वर्ष, रामकली 55 वर्ष, अनुज 15 वर्ष, शीला 35 वर्ष, मंगलम 28 वर्ष, हर्ष 6 वर्ष और लकी 12 वर्ष को अध्धिक चोटें आई हैं. जबकि अन्य घायलों में रिया 10 वर्ष, सुखलाल 32 वर्ष, खुशी 19 वर्ष, शुभ 5 वर्ष और पूर्वी 8 वर्ष सम्मिलित बताए गए. चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर नजर आ रही है.
