अहमदाबाद, 19 अक्टूबर (वार्ता) गुजरात में साणंद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने अमेरिकी औद्योगिकी उत्पाद कंपनी इंगरसोल रैंड और गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जीआईडीसी) के सहयोग से साणंद इको पार्क (हरित क्षेत्र) स्थापित करने की परियोजना की शिलान्यास रखी है।
इस परियोजना की परिकल्पना इंगरसोल रैंड के समाजिक दायित्व (सीएसआर) वाली एक पहल के रूप में निर्धारित की गयी है। इको पार्क का विस्तार 12,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में होगा। इसमें स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण, थीम आधारित उद्यान, जल संरक्षण प्रणालियाँ और मनोरंजन के लिए विशेष स्थान विकसित किए जाएँगे।
इसके अंतर्गत साणंद औद्योगिक क्षेत्र में एक टिकाऊ हरित स्थल विकसित करना है, जो मनोरंजन, जैव विविधता और पर्यावरण संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देगा। कंपनी की सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार शिलान्यास समारोह का उद्घाटन इंगरसोल रैंड के चेयरमैन, प्रेसिडेंट एवं सीईओ विसेंटे रेनाल तथा इंगरसोल रैंड इंडिया लि के चेयरमैन सुनील खंडूजा ने किया।
साणंद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत शाह ने कहा, “साणंद गुजरात के सबसे जीवंत औद्योगिक केंद्रों में से एक के रूप में विकसित हुआ है। इको पार्क उद्योग और प्रकृति के बीच सामंजस्य स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
साणंद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की सामाजिक दायित्व समिति के अध्यक्ष चेतन ठक्कर ने कहा, ” इको पार्क जैसी परियोजनाएँ सामुदायिक जीवन को बेहतर बनाती हैं, पर्यावरण-अनुकूल प्रथाओं को बढ़ावा देती हैं और विभिन्न औद्योगिक समूहों में सतत विकास के मॉडल अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।”
