

भोपाल। राजधानी में सोमवार को महानवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिरों और घरों में हवन-पूजन के आयोजन हुए। दुर्गा पंडालों में भी विशेष पूजा-अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए।
नवमी के अवसर पर कई स्थानों पर कन्या पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं को भोजन कराकर उपहार दिए और उनका आशीर्वाद लिया। शहर के विभिन्न मंदिरों और दुर्गोत्सव समितियों की ओर से भंडारों का आयोजन किया गया, जहां दिन भर श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। मंदिर परिसरों और आयोजन स्थलों पर भक्तों की आवाजाही बनी रही।
वहीं, नवरात्र के समापन पर जवारा विसर्जन के लिए भी श्रद्धालु निकले। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ जवारे लेकर भक्त माता के जयकारे लगाते हुए विसर्जन स्थलों की ओर पहुंचे। कई स्थानों पर चल समारोह भी निकाले गए। पूरे शहर में भक्ति और उत्सव का माहौल रहा।
