ऑस्ट्रेलियाई सांसद पर वाहन से हमले की जांच, आतंकवाद निरोधक टीम भी जुटी

कैनबरा, 19 अक्टूबर (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया में सांसद हेलेन हेन्स को वाहन से कुचलने की घटना के बाद पुलिस संभावित आतंकवादी हमले के कोण से जांच कर रही है। इस घटना में 65 वर्षीय सांसद गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि यह दुर्घटना नहीं लगती, हालांकि हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। घटना के सिलसिले में 43 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। वाहन से एक चाकू भी बरामद होने की खबर है।
श्री अल्बानीज़ ने कहा, “यह कोई दुर्घटना नहीं थी।” उन्होंने कहा कि इस घटना के कारणों के बारे में अभी कुछ भी अंदाज़ा लगाना जल्दबाज़ी होगी।

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मेलबर्न से लगभग 230 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित वांगाराटा के मर्फी स्ट्रीट पर 65 वर्षीय सुश्री हेन्स को उनके कार्यालय के बाहर एक सफेद टोयोटा लैंड क्रूजर ने टक्कर मार दी। यह घटना स्थानीय समयानुसार अपराह्न लगभग 3:35 बजे हुई। उन्हें गंभीर चोटें आईं, खासकर उनके पैरों में। वह अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रही थीं। श्री अल्बानीज़ ने बताया कि 43 वर्षीय एक व्यक्ति को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया। बताया गया है कि पुलिस के हिरासत में लेने से पहले, वहां मौजूद लोगों ने संदिग्ध को पकड़ने में मदद की। जांचकर्ताओं को वाहन के अंदर से एक चाकू
भी मिला है।

ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस, विक्टोरिया पुलिस और सुरक्षा खुफिया संगठन जांच में शामिल हैं। संयुक्त आतंकवाद निरोधक टीम भी सक्रिय की गई है। अधिकारियों ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि सांसद को निशाना बनाया गया था या हमला राजनीतिक रूप से प्रेरित था। श्री अल्बानीज़ ने सोमवार शाम को एक बयान में कहा कि उनकी संवेदनाएं सुश्री हेन्स, उनके परिवार, सहयोगियों और उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के साथ हैं, और उन्होंने आपातकालीन कर्मियों को उनके काम के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ” हम उनके पूरी तरह से ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं। ” उन्होंने सुश्री हेन्स को एक सम्मानित सांसद और अपने समुदाय की एक बहुत ही प्रिय सदस्य बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने विक्टोरिया के कार्यवाहक प्रीमियर बेन कैरोल से बात की है और ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस आयुक्त क्रिसी बैरेट से जानकारी ली है।
अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि क्या सुश्री हेन्स को विशेष रूप से निशाना बनाया गया था, या क्या यह घटना राजनीतिक कारणों से प्रेरित थी। जांच अभी भी जारी है।

.....

Next Post

दिनदहाड़े लाखो की चोरी: मंदिर दर्शन करने गए थे गृहस्वामी, लौटे तो टूटे मिले ताले

Mon Oct 19 , 2026
कटनी। शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत निमिया मोहल्ला में चोरों के दुस्साहस का एक बड़ा मामला सामने आया है। शातिर चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की रकम की अधिकृत पुष्टि पुलिस ने […]

You May Like

Play sound