मैहर: सड़क हादसे में घायल भाई-बहन के लिए पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह राहवीर बने। उनकी तत्परता और संवेदनशीलता सड़क दुर्घटना में घायलों के लिए जीवनदायिनी सिद्ध हुई। बंशीपुर निवासी सौरभ पाल (16 वर्ष) और उनकी बहन सुश्री शिवानी पाल (लगभग 18 वर्ष) मोटरसाइकिल से बंशीपुर से मैहर आ रहे थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें दोनों घायल हो गए। वहां से गुजर रहे पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने हादसे के बाद मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल दोनों घायलों को अपने वाहन से मैहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में दोनों का उपचार जारी है।
पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर राहवीर बने। मदद करने वालों से पुलिस द्वारा कोई अनावश्यक पूछताछ नहीं की जाएगी। राहवीर योजना अंतर्गत गोल्डन आवर में सड़क दुर्घटना में मदद करने वाले राहवीरों को ₹25,000 तक कि प्रोत्साहन राशि दी जाएगी और राहवीर योजना अंतर्गत प्रमाण पत्र भी 15 अगस्त और 26 जनवरी को दिया जाएगा।
