संबलपुर से ट्रेन में गांजा लाए, जबलपुर में पुलिस ने दबोचा

जबलपुर। खमरिया पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान दो शातिर गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 किलो 766 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है। यह गांजे की खेप उड़ीसा के संबलपुर से ट्रेन के जरिए जबलपुर लाई गई थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ के मुताबिक खमरिया थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की सुजुकी एक्सिस स्कूटी क्रमांक MP 20 ZY 5832 पर दो युवक आते दिखाई दिए। सामने पुलिस बल को देखकर दोनों घबरा गए और स्कूटी पीछे मोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को रोक लिया।

पूछताछ में स्कूटी चालक शिवम केशरवानी (32) निवासी रानीताल लिंक रोड, गढ़ा फाटक, लार्डगंज और पीछे बैठे हर्षित केशरवानी (31) निवासी नारियल गली, नारियल मंडी, बड़ा फुहारा, लार्डगंज की पहचान हुई। पुलिस ने दोनों के पिट्ठू बैग और नीले रंग के अमेरिकन टूरिस्टर बैग की तलाशी ली तो उनमें 7 पैकेट मिले, जिनमें कुल 12 किलो 766 ग्राम गांजा भरा हुआ था।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गांजा उड़ीसा के संबलपुर में डीलरों से खरीदा था और ट्रेन के जरिए इसे जबलपुर तक लेकर आए थे। इसके बाद स्कूटी से शहर के अलग-अलग हिस्सों में गांजे की सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने गांजा और स्कूटी जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

Next Post

रामाकोना पंचायत विवाद: हाईकोर्ट से स्थानापन्न सरपंच ज्योति खंडाइत को बड़ी राहत, एसडीएम के आदेश पर लगी रोक

Tue Aug 18 , 2026
​सौसर, सौसर विकास खंड अंतर्गत आने वाली बहुचर्चित ग्राम पंचायत रामाकोना में सरपंच पद को लेकर चल रही सियासी और प्रशासनिक खींचतान में एक नया और अहम मोड़ आ गया है। उच्च न्यायालय, जबलपुर ने सौसर एसडीएम द्वारा 31 जुलाई को जारी उस आदेश के क्रियान्वयन पर अंतरिम रोक (Stay) […]

You May Like