बुधनी। नवरात्रि पर्व के चलते नगर में इन दिनों भक्तिमय वातावरण बना हुआ है. मां दुर्गा की आराधना के साथ जगह-जगह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में वार्ड 12 में श्री शोभा इंटरनेशनल स्कूल में गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया. रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, डांडिया की खनक और गरबा गीतों की मधुर धुनों के बीच पूरा विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया. गरबा महोत्सव में बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ गरबा रास प्रस्तुत किया. हाथों में डांडिया लेकर पारंपरिक अंदाज में थिरकते बच्चों का उत्साह देखते ही बना. इस सांस्कृतिक आयोजन में पालकों और स्कूल स्टॉफ ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बच्चों के साथ गरबा नृत्य कर उत्सव की खुशियों को साझा किया. कार्यक्रम का शुभारंभ प्रिंसिपल प्रीति प्रवाह ने किया.इसके अलावा भी नगर में अन्य स्थानों पर विराजित देवी मां के पांडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला बना हुआ है.
