रेखा गुप्ता, मल्होत्रा के साथ भाजपा सांसदों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने की यमुना तट की सफाई

नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस और उनके गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर 25 वर्ष पूरा होने को लेकर दिल्ली सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई की ओर से शुरू किये गये सेवा संकल्प अभियान का रविवार को समापन हो गया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में प्रदेश के मंत्रियों, विधायकों, पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने यमुना तट की सफाई की।
दिल्ली भाजपा की सह प्रभारी दर्शना जरदोश के अलावा दिल्ली विधानसभाध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता,सांसद मनोज तिवारी, श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी, श्री योगेन्द्र चाँदोलिया, श्री प्रवीन खंडेलवाल और सुश्री बाँसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, श्री कपिल शर्मा, डॉ. पंकज सिंह और श्री रविन्द्र इंद्राज सिंह, राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल, राष्ट्रीय मंत्री जय प्रकाश, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों के अलावा विधायक, पार्षद और कार्यकर्ताओं ने यमुना तट स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
श्रीमती गुप्ता ने आई.टी.ओ. स्थित हाथी घाट पर, श्री मल्होत्रा गांधी ने नगर घाट पर, श्रीमती जरदोश ने दूसरा पुश्ता सोनिया विहार में, श्री तिवारी ने ढाई पुश्ता सोनिया विहार पर, श्री चंदोलिया ने सैनी मंदिर के पास रैंप न.2 के पास, श्री बिधूड़ी कालिंदी कुंज पर, सुश्री स्वराज ने राम घाट-I पर, श्री खंडेलवाल ने यमुना बाजार घाट पर और श्रीमती मालीवाल ने प्रथम पुश्ता पर सफाई अभियान चलाया।
श्री मल्होत्रा ने गांधी नगर के पास यमुना तट की सफाई करने एकत्र हुए कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा, “यमुना सिर्फ नदी नहीं, हमारी आस्था, हमारी संस्कृति और दिल्ली की जीवनरेखा है लेकिन हमने इसे गंदा कर दिया। आज एक दिन झाड़ू लगाकर हमारा कर्तव्य पूरा नहीं होता। मैं सभी दिल्ली वासियों से आग्रह करता हूं – यमुना की स्वच्छता को अभियान न बनाएं, इसे आदत बनाएं। प्लास्टिक न फेंकें, पूजा सामग्री निर्माल्य में डालें, घर का गंदा पानी सीधे यमुना में न जाने दें। हर महीने का पहला रविवार यमुना दिवस मनाएं।”
उन्होंने कहा कि कहा, ” श्री मोदी जी ने हमें सिखाया – सेवा ही संगठन है। आइए संकल्प लें कि 2030 तक यमुना को हम स्नान करने योग्य बनायेंगे। दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना है तो यमुना को बचाना होगा। ”
श्रीमती जरदोश ने कहा यमुना को मां का दर्जा दिया गया है और मां को गंदा देखकर कौन खुश रह सकता है ? प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प से प्रेरणा लेकर आज हमने सफाई की शुरुआत की है। महिलाओं की भूमिका इसमें सबसे अहम है। घर से ही स्वच्छता शुरू होती है। पूजा की सामग्री, प्लास्टिक और कचरा यमुना में न डालें।
दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा ने कहा, “मैं दिल्ली के प्रत्येक नागरिक से अपील करता हूं की नदी को कूड़ेदान न समझें। एक दिन की सफाई से तस्वीर नहीं बदलेगी, सोच बदलनी होगी। स्कूल, कॉलेज, आरडब्ल्यूए और मंदिरों को इस आंदोलन से जोड़ें।”

.....

Next Post

छह महीने तक के शिशुओं के आहार में सुक्रोज और फ्रक्टोज मिलाने पर रोक लगाने की तैयारी

Sun Oct 18 , 2026
नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने छह महीने तक के शिशुओं के लिए तैयार किए जाने वाले खाद्य उत्पादों में सुक्रोज और फ्रक्टोज मिलाने पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव दिया है। इसका मकसद शिशु पोषण से जुड़े उत्पादों में कार्बोहाइड्रेट के इस्तेमाल से […]

You May Like