
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के गांधीनगर स्थित एयरोसिटी कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ किराए के मकान में रह रहे कैफे कर्मचारियों को कुछ बदमाशों ने घर में घुसकर बंधक बना लिया। आरोपियों ने दो युवतियों समेत कुल 8 लोगों के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन दो गाड़ियों में बैठाकर पिपलानी क्षेत्र ले गए।
यह पूरा विवाद दो लाख रुपये के लेनदेन और धोखाधड़ी को लेकर था। ग्वालियर के एक कैफे संचालक का इन कर्मचारियों से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। पैसे न मिलने से नाराज होकर संचालक अपने भोपाल निवासी साथियों राधे, अमन, बालेंद्र और अन्य के साथ उनके कमरे पर पहुँचा था।
अपहरण के बाद बदमाशों ने बंधक बनाए गए युवक के दिल्ली में रहने वाले दोस्त को फोन कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। दिल्ली से सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सभी 8 बंधकों को सुरक्षित छुड़ा लिया, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
