इंदौर:मुंबई से इंदौर आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट इंदौर एयरपोर्ट पर तीन प्रयासों के बावजूद लैंड नहीं कर सकी. इसके बाद पायलट ने विमान को भोपाल डायवर्ट करने का निर्णय लिया. भोपाल में दूसरे प्रयास में विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई. करीब ढाई घंटे बाद विमान इंदौर लौटा और यहां सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली.
इंडिगो की फ्लाइट (6ई-5181/511) मुंबई से सुबह 11.50 बजे इंदौर पहुंचती है. इंदौर एयरपोर्ट पर उतरने के लिए पायलट ने तीन बार प्रयास किया, लेकिन हर बार लैंडिंग नहीं हो सकी. इसके बाद विमान को भोपाल ले जाया गया, जहां दूसरे प्रयास में लैंडिंग संभव हुई.
विमान में घबराने लगे यात्री
विमान के बार-बार नीचे आने और फिर लैंडिंग किए बिना ऊपर उठने से यात्रियों में घबराहट बढ़ने लगी. इस दौरान फ्लाइट स्टाफ ने यात्रियों को लैंडिंग में आ रही परेशानी की जानकारी दी और विमान को भोपाल डायवर्ट किए जाने के बारे में बताया. भोपाल में सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत महसूस की. इसके बाद विमान दोपहर 2.20 बजे इंदौर लौटा और यहां भी सुरक्षित लैंडिंग हुई.
पायलट परिस्थितियों के अनुसार लेता है निर्णय
एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से विक्रम कुमार ठक्कर ने बताया कि विमान की लैंडिंग का अंतिम निर्णय पायलट तत्कालीन परिस्थितियों का आकलन करने के बाद लेता है. अनस्टेबल अप्रोच, मौसम या हवा की स्थिति जैसी परिस्थितियों में पायलट लैंडिंग का प्रयास रोककर विमान को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट करने का निर्णय ले सकता है.
एयरपोर्ट प्रबंधन ने सुविधाओं में कमी से किया इनकार
विक्रम कुमार ठक्कर ने स्पष्ट किया कि इंदौर एयरपोर्ट की सभी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं और रनवे भी ऑपरेशनल है. उन्होंने विमान के डायवर्ट होने के पीछे एयरपोर्ट की सुविधाओं में किसी कमी से इनकार किया. हालांकि, विमान की लैंडिंग नहीं हो पाने और उसे भोपाल डायवर्ट करने के सटीक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
