सतना: रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे यात्री और चाय बेचने वाले युवक के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट हुई.
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद वास्कोडिगामा एक्सप्रेस ट्रेन से सतना रेलवे स्टेशन पर उतरे कुछ यात्रियों और स्टेशन पर वेंडिंग करने वाले चाय विक्रेता के बीच शुरू हुआ था. गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे जब यह ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची, तो यात्रियों और चाय वाले के बीच चाय के लेन-देन और पैसों के भुगतान को लेकर बहस शुरू हो गई. मामूली सी बात पर शुरू हुई यह बहस इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते तीखी कहासुनी ने संघर्ष और हाथापाई का रूप ले लिया. प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य यात्री कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवक एक-दूसरे पर टूट पड़े.
पुलिस की मौजूदगी के बावजूद बेखौफ होकर लड़ते रहे युवक
घटना के दौरान सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि हंगामा बढ़ता देख पुलिस के तीन जवान मौके पर पहुंचे. लेकिन हुड़दंग मचा रहे युवकों पर पुलिस की मौजूदगी का कोई असर नहीं पड़ा. पुलिसकर्मियों के सामने ही युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते रहे और प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी कुछ देर तक मशक्कत के बाद विवाद कर रहे युवकों में से एक युवक को अपने साथ ले गए. लेकिन पुलिस के वहां से हटने या एक युवक को ले जाने के बाद भी माहौल शांत नहीं हुआ, और बाकी बचे युवकों के बीच दोबारा मारपीट शुरू हो गई.
वीडियो वायरल होने के बाद उठे सुरक्षा पर बड़े सवाल
इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया. वीडियो सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन पर रात के समय यात्रियों की सुरक्षा और पुलिस की मुस्तैदी को लेकर आम जनता और यात्रियों में भारी नाराजगी है. सवाल यह उठ रहा है कि जब स्टेशन पर पुलिस बल पहले से तैनात था, तो इस तरह का खुलेआम हंगामा कैसे हो गया
