चुरहट (सीधी)। सडक़ में जाम को लेकर चुरहट पुलिस सख्त हो चुकी है। चुरहट बाजार में सडक़ में वाहन खड़े करने वालों को समझाइश के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही शुरु हुई, जिससे जाम से निजात मिलने पर क्षेत्रवासियों में खुशी है।चुरहट का पुराना बस स्टैण्ड जो नगर का हृदय स्थल है पिछले कई महीनों से अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात के कारण जाम का पर्याय बन गया था। यहां से पैदल निकलना भी किसी जंग जीतने जैसा था। लेकिन चुरहट पुलिस ने इस समस्या को गंभीरता से लिया और नगर निरीक्षक श्रीमती रीता त्रिपाठी अपने पूरे पुलिस स्टाफ के साथ स्वयं सडक़ पर उतर आईं। लगातार 5 दिनों तक चले सघन अभियान के बाद आज पुराने बस स्टैण्ड की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है और लोगों ने राहत की सांस ली है। दरअसल चुरहट पुराना बस स्टैण्ड में कुछ दुकानदारों की मनमानी के कारण जाम की स्थिति बनती थी। अपने निजी स्वार्थ और दुकानदारी चमकाने के लिए ये दुकानदार सीधी, रीवा, सेमरिया, बिछिया जाने वाले सवारी ऑटो, मैजिक और छोटी बसों को अपनी दुकान के ठीक सामने जबरन खड़ा करवाते थे ताकि सवारी उतरते ही सीधे उनकी दुकान पर आए। इस समस्या को लेकर संजय पाण्डेय सहित व्यापारी संघ और आम नागरिकों ने कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत की थी।
टीआई और उनके पूरे स्टाफ ने संभाला मोर्चा
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर निरीक्षक श्रीमती रीता त्रिपाठी ने अपने थाने के पूरे स्टाफ के साथ संयुक्त अभियान चलाया। पहले दिन सभी वाहन चालकों को थाने में बुलाकर बैइक ली गई और उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि कोई भी वाहन दुकान के सामने सडक़ पर नहीं खड़ा होगा। जब कुछ चालक समझाइश के बाद भी नहीं माने तो दूसरे दिन से टीआई मैडम के निर्देश पर स्टाफ द्वारा मौके पर ही चालानी कार्यवाही शुरू कर दी गई। लगभग दो दर्जन से अधिक वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान बनाए गए।
इनका कहना है
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकरपुलिस विभाग द्वारा जो अभियान चलाया जा रहा हैं वो सही हैं, क्योंकि आए दिन बाजार में जाम की समस्या बनी रहती हैं। इस संबंध में मैं पूर्व में पत्राचार भी किया हूं।
कमलेश्वर सिंह, पूर्व नपा उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस महामंत्री चुरहट
चुरहट टीआई व प्रशासन से मांग है कि इससे और ज्यादा कड़ाई से यातायात व ट्रैफिक का पालन कराए। अगर किसी तरह की कोई भी मदद की आवश्यकता होती है तो हम सभी सहयोग करने के लिए तैयार रहेंगे।
अखिलेश सोनी, भाजपा नेता चुरहट
सुरक्षा की दृष्टि से जो प्रशासनिक व्यवस्था बनाई जा रही है वह सराहनीय कदम है। सभी व्यापारियों को मिलकर इसमें सहयोग व व्यवस्था बनाने के लिए तैयार हैं। प्रशासन से अपील हैं कि अवैध रूप से दुकान लगवाकर जो भी वसूली करता हैं उसके खिलाफ भी कार्यवाही होनी चाहिए।
ओम प्रकाश गुप्ता, व्यापारी चुरहट
