इंदौर। स्मार्ट मीटर बिजली उपभोक्ताओं को बिल में राहत देने के साथ सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दे रहे हैं। पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के क्षेत्र में सितंबर के बिलों में 15 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को टाइम ऑफ डे (टीओडी) योजना के तहत कुल 18.26 करोड़ रुपये की छूट मिली। इसमें इंदौर शहर के 6.63 लाख उपभोक्ताओं को सर्वाधिक 8.50 करोड़ रुपये की रियायत मिली।
कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के अनुसार, स्मार्ट मीटर बिजली खपत की समय के आधार पर गणना करते हैं। सुबह 9 से शाम 5 बजे तक इस्तेमाल की गई बिजली पर ऊर्जा प्रभार में 20 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
जिलेवार छूट एक नजर में
– इंदौर शहर: 6.63 लाख उपभोक्ता — 8.50 करोड़ रुपये
– उज्जैन: 1.35 लाख उपभोक्ता — 1.62 करोड़ रुपये
– रतलाम: 1.18 लाख उपभोक्ता — 1.11 करोड़ रुपये
– देवास: 79 हजार उपभोक्ता — 78 लाख रुपये
– खंडवा: 66 हजार उपभोक्ता — 57 लाख रुपये
– बुरहानपुर: 64 हजार उपभोक्ता — 70 लाख रुपये
– बड़वानी: 57 हजार उपभोक्ता — 47 लाख रुपये
अन्य जिलों के पात्र उपभोक्ताओं को भी नियमानुसार छूट मिली है।
सौर ऊर्जा के इस्तेमाल पर जोर
टीओडी योजना का उद्देश्य सौर ऊर्जा की उपलब्धता के दौरान बिजली की खपत बढ़ाना है, जिससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता और कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिल सकती है। उपभोक्ता दिन में बिजली का अधिक इस्तेमाल कर बिल में बचत भी कर सकते हैं।
