सतना :शहर के प्रमुख सड़क मार्गों के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महापौर योगेश कुमार ताम्रकार एवं आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने संतोषी माता तालाब एवं आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व फंड के अंतर्गत औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सहभागिता से दो प्रमुख सड़क मार्गों के विकास की जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।
इसके साथ ही इंदिरा गांधी कॉलेज से हॉस्पिटल चौक तक अंडरग्राउंड केबल कार्य कराने तथा संतोषी माता तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया गया। शहर की सड़क व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यूनिवर्सल केबल्स लिमिटेड को संतोषी माता चौराहा से बायपास तक तथा बिरला कॉर्पोरेशन लिमिटेड को सेमरिया चौराहा से संतोषी माता चौराहा तक संपूर्ण सड़क मार्ग की जिम्मेदारी निर्धारित की गई।
सीएसआर फंड के माध्यम से इन मार्गों का व्यवस्थित विकास सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, जिससे सड़क संबंधी सुविधाओं में सुधार के साथ नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध हो सके।
अंडरग्राउंड केबल कार्य व सौंदर्यीकरण पर जोर
निरीक्षण के दौरान महापौर एवं आयुक्त ने इंदिरा गांधी कॉलेज से हॉस्पिटल चौक तक अंडरग्राउंड केबल कार्य कराने पर भी जोर दिया। इस कार्य से संबंधित केबल नेटवर्क को भूमिगत रूप से सुव्यवस्थित करने तथा सड़क मार्ग की सुरक्षा एवं सौंदर्यीकरण को बेहतर बनाने का उद्देश्य है। इसके साथ ही संतोषी माता तालाब परिसर का निरीक्षण कर उसकी वर्तमान स्थिति, साफ-सफाई एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान तालाब के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं परिसर को नागरिकों के लिए अधिक व्यवस्थित तथा सुविधाजनक बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
