चुरहट (सीधी) नगर पंचायत परिषद चुरहट अंतर्गत बस स्टैण्ड के शौचालय में दुर्गंध फैली हुई है। वहीं नेहरु प्रतिमा के पास कचरा फैला हुआ है। चुरहट नगर में स्वच्छ भारत अभियान को गंदगी मुंह चिड़ाती नजर आ रही है।स्वच्छ भारत मिशन के दावों के बीच चुरहट नगर परिषद की हकीकत बदहाल है। पुराना बस स्टैण्ड जो नगर का मुख्य व्यावसायिक केन्द्र और पंडित जवाहर लाल नेहरू तिराहा के नाम से जाना जाता है वहां कहीं भी शौंचालय या मूत्रालय की व्यवस्था नहीं है। बिछी रोड पर एकमात्र मूत्रालय बना तो है लेकिन उसकी कभी साफ-सफाई नहीं होती।
गंदगी और दुर्गंध के कारण उसका उपयोग बहुत कम होता है। आसपास रहने वाले लोगों को दिन भर दुर्गंध से परेशानी होती है। खासकर महिलाओं के लिए तो दुर्गंध और गंदगी के कारण उसका उपयोग करना असंभव हो गया है। वहीं दूसरी ओर नेहरू जी की प्रतिमा के चारों ओर बाजार के कुछ दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों का सड़ा-गला खराब सामान फेंक दिया जाता है जिससे वहां मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है और आए दिन दुर्घटना की स्थिति बनती है। नगर परिषद द्वारा इस पर कोई कार्यवाही नहीं की जाती। इस पूरे मामले पर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
इनका कहना है
नगर परिषद चुरहट की ओर से कचरा प्रबंधन की प्रभावी एवं सख्त व्यवस्था लागू न किए जाने तथा साफ-सफाई के प्रति उदासीनता के कारण आज पूरा बाजार कचरे के ढेर में तब्दील होता जा रहा है। यह स्थिति न केवल बाजार की सुंदरता और स्वच्छता को प्रभावित कर रही है बल्कि आम नागरिकों, दुकानदारों और ग्राहकों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।
मंगलेश्वर सिंह निवासी चुरहट
नेहरू जी प्रतिमा के पास कचरा फेंकना गलत है क्योंकि वो राष्ट्र की धरोहर हैं। मैने भी देखा है कि वहां पर कचरा फेंका रहता है। मैं स्वच्छता प्रभारी को बोलता हूं कि दुकानदारों को समझाइश दे, इसके बाद कोई नहीं मानता तो उसके ऊपर चालानी कार्यवाही करें।
उमेश गुप्ता, अध्यक्ष व्यापारी संघ एवं पार्षद
सामान्य प्रशासन
इस तरह की स्थिति में कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है। नगर परिषद के स्वच्छता प्रभारी की गलती है, इस पर ध्यान देना आवश्यक होगा।
राहुल पटेल, जिला पंचायत सदस्य
