जबलपुर: घमापुर थाना अंतर्गत कांचघर स्थित हनुमान टोरिया मंदिर परिसर में एक साधु पर बदमाशों ने चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में घायल साधु अखंडानंद गिरि स्वामी के सिर और पेट में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुबह-सुबह हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही घमापुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है ।
घमापुर थाना प्रभारी ने बताया कि साधु पर हमले की शिकायत मिली है। मामले को गंभीरता से जांच में लिया गया है। पुलिस की एक टीम मंदिर और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
