दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 14-15 अक्टूबर को ओलावृष्टि, 60 किमी/घंटा की रफ़्तार से हवा चलने की चेतावनी

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (वार्ता) मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को चेतावनी दी कि अगले तीन दिनों में दिल्ली, हरियाणा और पंजाब एवं चंडीगढ़ ओलावृष्टि, आंधी-तूफान और 60 किमी/घंटा तक की रफ़्तार से हवाएं चल सकती हैं। इससे खड़ी फसलों और बिजली के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने और सामान्य जनजीवन बाधित होने की आशंका जतायी गयी है। आईएमडी ने आज सुबह जारी अपने पूर्वानुमान बुलेटिन’ में कहा कि आज इस क्षेत्र में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, और इसके बाद बुधवार और गुरुवार को बारिश हो सकती है। विभाग ने आज से 15 अक्टूबर के बीच हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और 40-50 किमी/घंटा (झोंकों के साथ 60 किमी/घंटा तक) की रफ़्तार से हवा चलने के साथ आंधी-तूफान आने की आशंका जताया है। 14 और 15 अक्टूबर को कुछ जगहों पर ओलावृष्टि का भी पूर्वानुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलों, बागवानी वाली फसलों, बिजली और संचार लाइनों तथा कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंच सकता है। पेड़ों की शाखाएं गिरने और हवा में मलबा उड़ने से लोगों और पशुधन के लिए खतरा पैदा हो सकता है। खरीफ़ की फसल की कटाई और खरीद के मौसम के बीच हरियाणा और पंजाब जैसे कृषि-प्रधान राज्यों के लिए यह चेतावनी अहम है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे कटी हुई फसल को सुरक्षित जगहों पर ले जाएं, उसे तिरपाल से ढकें और तेज़ हवाओं से फ़सल को सुरक्षित रखें।

आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में मौसम की स्थिति प्रभावित हो रही है। यह पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में दिखाई दे रहा है। इसके साथ ऊपरी वायुमंडल में एक द्रोणिका भी बनी हुई है। विभाग ने बताया कि हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 12 अक्टूबर के मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार, मैदानी इलाकों में यह सबसे कम न्यूनतम तापमान था।

आईएमडी ने लोगों को सलाह दी है कि वे आंधी-तूफ़ान के दौरान घर के अंदर रहें, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, बिजली के उपकरणों से दूर रहें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करें। इस बीच आज से गुरुवार के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में काफ़ी ज़्यादा से लेकर व्यापक बारिश का अनुमान है, और कल कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में कल और गुरुवार को काफ़ी ज़्यादा बारिश होने की उम्मीद है, जबकि उत्तराखंड में 18 अक्टूबर तक कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश का अनुमान है।

राजस्थान में भी मौसम बिगड़ सकता है, 13 से 15 अक्टूबर तक पश्चिमी हिस्सों में और 16 अक्टूबर तक पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 13 से15 अक्टूबर के बीच राज्य में कुछ जगहों पर 30-40 किमी/घंटा की रफ़्तार से हवाएं चलने और इनके झोंके 50 किमी/घंटा तक पहुंचने के साथ आंधी-तूफान आने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में, 13 से 15 अक्टूबर तक पश्चिमी जिलों में और 15 और 16 अक्टूबर को पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं बारिश का अनुमान है। छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 13 से 18 अक्टूबर के दौरान कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जबकि मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हफ़्ते के आखिर में बारिश होने के आसार हैं।

पूर्वी भारत में, ओडिशा में 18 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जबकि बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 16 से 18 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। इस दौरान असम और मेघालय में भी बारिश का अनुमान है, साथ ही 13 और 14 अक्टूबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अनुमान जताया गया है। दक्षिण भारत में 14 से 17 अक्टूबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, 14 से 16 अक्टूबर के बीच रायलसीमा और 15 से 18 अक्टूबर के बीच केरलम, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार है। साथ ही 16 से 18 अक्टूबर के बीच उत्तर आंतरिक कर्नाटक और 17 तथा 18 अक्टूबर को तटीय कर्नाटक में भी भारी बारिश का अनुमान है।

आईएमडी ने कहा कि देश के बाकी हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून के और पीछे हटने और साथ ही अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में उत्तर-पूर्व मानसून की बारिश शुरू होने के लिए स्थितियां अनुकूल हो रही हैं।
दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के असर से 13 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की भी अनुमान है।

.....

Next Post

फिल्मी स्टाइल में युवक का बुलेरो से अपहरण, दो गिरफ्तार

Tue Oct 13 , 2026
जबलपुर: चरगवां थाना अंतर्गत सेमरा में बीती रात पुरानी रंजिश को लेकर अरविंद गौड़ (27) का बुलेरो कार से फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया। आरोपी युवक को कार में बंधक बनाकर बरेला ले गए, जहां बेस बॉल के डंडे और चाकू की नोंक पर उसके साथ बेरहमी से […]

You May Like

Play sound