हाईकोर्ट की सख्ती के बाद हरकत में नगर निगम, मुख्य मार्गों पर युद्धस्तर पर गड्ढे भरने का काम शुरू

ग्वालियर: शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर हाईकोर्ट की सख्त नाराजगी के बीच नगर निगम ने सड़कों के गड्ढे भरने और पेंच रिपेयरिंग का काम तेज कर दिया है। नागरिकों को सुगम यातायात उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम का अमला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत में जुटा है। मुख्य मार्गों के साथ कॉलोनियों की सड़कों पर भी गड्ढों को भरने का काम कराया जा रहा है।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देश पर पेंच रिपेयरिंग का काम लगातार किया जा रहा है। नोडल अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार, शुक्रवार को मुरारी गोदाम, नारायण विहार, श्रीराम वाटिका जड़ेरुआ, मुरार में आनंद प्लाजा के सामने वाली गली, मैना वाली गली, खुरैरी में हरिओम पैलेस के पास, दीनदयाल नगर, भदौरिया सीमेंट वाली गली, ईई सेक्टर कुशवाहा मार्केट, गेंडे वाली सड़क स्थित शेरा वाली माता मंदिर क्षेत्र और वार्ड 36 में मरम्मत कराई गई।

इसके अलावा सिकंदर कंपू में अर्जुन सविता वाली गली, आदित्यपुरम, नारायण विहार कॉलोनी, राधाकृष्णपुरी, चिरवाई नाका-पिपरोली, सिंधी कॉलोनी, विनय नगर और गुरुनानक नगर सहित अन्य क्षेत्रों में भी पेंच रिपेयरिंग की गई। निगम के अनुसार, सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत का काम आगे भी जारी रहेगा।

हाईकोर्ट की नाराजगी के बीच गुणवत्ता पर सवाल

शहर की सड़कों की गुणवत्ता और बार-बार उखड़ने की समस्या को लेकर हाईकोर्ट में चल रही सुनवाई के बीच मरम्मत कार्य में आई तेजी ने निगम की कार्यप्रणाली पर भी ध्यान केंद्रित किया है। अब देखना यह होगा कि गड्ढे भरने का काम कितनी गुणवत्ता से होता है और मरम्मत के बाद सड़कें कितने समय तक टिकती हैं। नागरिकों को राहत तभी मिलेगी, जब अस्थायी पेंच रिपेयरिंग के साथ सड़कों की स्थायी मरम्मत और निर्माण गुणवत्ता पर भी प्रभावी निगरानी रखी जाएगी।

Next Post

नगर निगम ने मुख्य मार्गों पर कराई पेंच रिपेयरिंग

Sat Oct 10 , 2026
ग्वालियर:नगर निगम ग्वालियर द्वारा नागरिकों की सुविधा एवं सुगम यातायात के लिए सड़कों पर पेंच रिपेयरिंग का कार्य निरंतर तेजी के साथ किया जा रहा हैं। नोडल अधिकारी पेंच रिपेयरिंग अमित गुप्ता ने बताया कि नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशानुसार निगम के अमले द्वारा निरंतर सुगम यातायात एवं […]

You May Like