मुंबई,08 अक्टूबर (वार्ता) अपने खेल में एक नया आयाम जोड़ने के इच्छुक भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 2026-27 रणजी ट्रॉफी सीजन से पहले विकेटकीपिंग में हाथ आजमा रहे हैं। रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ मुंबई के रणजी ट्रॉफी के पहले मैच से पहले जायसवाल की ग्लव्स पहनकर अभयास करते हुए तस्वीरें सामने आई हैं। उम्मीद है कि न्यूजीलैंड के आगामी दौरे के लिए राष्ट्रीय टीम से जुड़ने से पहले वह पहले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। माना जा रहा है कि जायसवाल ने मुंबई के एक अभ्यास मैच के दौरान लगभग 10 ओवर तक विकेटकीपिंग की है क्योंकि वह इस नई स्किल पर काम कर रहे हैं।
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि 24 वर्षीय खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट या भविष्य में भारत के लिए नियमित रूप से विकेटकीपिंग करने की योजना बना रहा है या नहीं। मुंबई की प्री-सीजन संवाददाता सम्मेलान दौरान कप्तान सिद्धेश लाड ने कहा, “मुझे लगता है कि यशस्वी विकेटकीपिंग शुरू करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। मैंने उनसे यही सुना है। वह मुंबई या भारतीय टीम के लिए विकेटकीपिंग करना चाहते हैं। उनका लक्ष्य यही है, मुझे ऐसा लगता है, लेकिन मुझे इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।” जायसवाल ने शीर्ष स्तर पर एक बल्लेबाज़ के तौर पर अपनी पहचान बनाई है और वह भारत की टेस्ट टीम के नियमित सदस्य रहे हैं। स्टंप्स के पीछे उनका यह नया प्रयोग उन्हें एक अतिरिक्त भूमिका दिला सकता है, हालांकि मुंबई ने अभी तक यह संकेत नहीं दिया है कि वह उनके रणजी ट्रॉफी कैंपेन में विकेटकीपिंग करेंगे या नहीं।
लाड ने कहा कि जायसवाल की मौजूदगी, भले ही सिर्फ़ एक मैच के लिए हो, मुंबई की टीम के लिए बहुत कीमती होगी, क्योंकि नए सीज़न से पहले टीम में कई बदलाव हुए हैं। लाड ने कहा, “मुझे लगता है कि अगर मैं गलत नहीं हूँ तो वह सिर्फ़ पहले मैच के लिए उपलब्ध हैं। लेकिन यशस्वी जैसा खिलाड़ी न सिर्फ़ अच्छा प्रदर्शन करता है, बल्कि अपने अनुभव से टीम की वैल्यू भी बढ़ाता है।उन्होंने सबसे ऊंचे स्तर पर बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। यशस्वी जैसे खिलाड़ी के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने से हमें युवा खिलाड़ियों के साथ भी मदद मिलती है और हम इसका बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।”
मुंबई अपनी 43वीं रणजी ट्रॉफी जीतने की कोशिश में चंडीगढ़ के खिलाफ़ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। टीम में पूर्व कप्तान शार्दुल ठाकुर नहीं होंगे, जबकि पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सीज़न शुरू होने से पहले ही क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है।

