
ओंकारेश्वर। नगर परिषद और तहसील प्रशासन द्वारा अतिक्रमण सहित अन्य मामलों में लगातार नोटिस जारी किए जाने से तीर्थनगरी के रहवासियों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों को मकान और व्यापारिक प्रतिष्ठान उजड़ने का भय सता रहा है।
इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष उत्तम पाल सिंह स्थानीय निवासियों के बीच पहुंचे और चौपाल लगाकर समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों ने दावा किया था कि ओंकारेश्वर में किसी के मकान पर बुलडोजर चलने पर वे सामने खड़े होंगे, लेकिन नोटिस मिलने से परेशान लोगों के बीच अब सांसद-विधायक नजर नहीं आ रहे।
उत्तम पाल सिंह ने कहा कि प्रशासन को कार्रवाई से पहले लोगों के वर्षों पुराने निवास और व्यापार की स्थिति को समझना चाहिए।
समस्या को लेकर 8 अक्टूबर को ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रहवासियों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
