सतना: शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज सतना में प्रवेश प्रक्रिया के प्रथम चरण की काउंसलिंग के बाद करीब 75 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश हो चुका है। विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ दाखिला लिया, जबकि कुछ सीटें अभी भी रिक्त हैं। इन रिक्त सीटों के लिए द्वितीय चरण की प्रक्रिया जारी है।
कॉलेज प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांच की 69 सीटों में से 54 सीटें भर चुकी हैं, जबकि 15 सीटें अभी खाली हैं। इस शाखा में चयनित अभ्यर्थियों का अधिकतम मेरिट प्रतिशत 95.5 प्रतिशत रहा। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में भी 69 में से 54 सीटों पर प्रवेश हुआ है और 15 सीटें रिक्त हैं। इस शाखा में अधिकतम मेरिट 93.2 प्रतिशत तक पहुंची।
वहीं सीमेंट टेक्नोलॉजी की 63 सीटों में से 52 सीटें भर गई हैं और 11 सीटें शेष हैं। इस शाखा में अधिकतम मेरिट 92 प्रतिशत दर्ज की गई। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में 69 सीटों के मुकाबले 37 सीटों पर प्रवेश हुआ है, जबकि 32 सीटें अभी खाली हैं। इस शाखा में अधिकतम मेरिट 96 प्रतिशत तक रही।
जानकारी के अनुसार बची हुई सीटों के लिए द्वितीय चरण की पंजीयन प्रक्रिया 9 जून 2026 से प्रारंभ हो चुकी है और 18 जून तक चलेगी। इसके बाद अभ्यर्थियों को 19 से 20 जून तक पंजीयन में सुधार का अवसर दिया जाएगा। संस्था प्राथमिकता के ऑनलाइन चयन एवं लॉकिंग की सुविधा दो दिनों तक उपलब्ध रहेगी, जबकि कॉमन मेरिट सूची 23 जून 2026 को जारी की जाएगी।
पॉलीटेक्निक कॉलेज की प्रभारी कमला अग्रवाल ने बताया कि प्रथम चरण की काउंसलिंग में पूरे मध्य प्रदेश के पॉलीटेक्निक संस्थानों में सतना पॉलीटेक्निक कॉलेज में सर्वाधिक प्रवेश दर्ज किए गए हैं। उम्मीद है कि द्वितीय चरण की काउंसलिंग के बाद कॉलेज की शेष बची सीटें भी भर जाएंगी।
