
विदिशा। सूखती धान की फसल को बचाने के लिए किसानों ने सोमवार को विदिशा कलेक्ट्रेट पहुंचकर हलाली बांध से नहर खोलने और पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। किसानों ने इस संबंध में प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने बताया कि ज्ञापन में सरकारी वर्षा आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा गया है कि विदिशा जिले में अब तक 767 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 29 प्रतिशत कम है। गुलाबगंज में बारिश की कमी 42 प्रतिशत, कुरवाई में 31 प्रतिशत, ग्यारसपुर में 24 प्रतिशत और शमशाबाद में 30 प्रतिशत दर्ज की गई है।
इसी तरह सिरोंज में 25 प्रतिशत, नटेरन में 23 प्रतिशत और बासौदा में 10 प्रतिशत बारिश सामान्य से कम रही है। किसानों का कहना है कि पर्याप्त बारिश नहीं होने से खेतों में खड़ी धान की फसल सूखने की कगार पर है। उन्होंने फसल बचाने के लिए तत्काल सिंचाई जल उपलब्ध कराने की मांग की।
राहुल राज ने आरोप लगाया कि किसानों की गंभीर समस्या के बावजूद प्रशासन ने उनकी पीड़ा के प्रति संवेदनशीलता नहीं दिखाई है।
