इस्लामाबाद, पाकिस्तान के पूर्व राजदूत अब्दुल बासित ने फ्लाईदुबई विमान घटना पर हंसते हुए इसे कॉमेडी फिल्म जैसा बताया। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दुनिया में कोई बड़ी संवेदनशील घटना हो और उसमें पाकिस्तान की ओर से कोई बेतुका बयान न आए ऐसा होना लगभग नामुमकिन है। हाल ही में दुबई से तेल अवीव जा रही प्लेन के को-पायलट ने जानबूझकर उसे क्रैश करने की कोशिश की। पूरी दुनिया में इस घटना की तुलना अमेरिका में हुए 9/11 हमले से भी की जा रही है। जबकि भारत में पाकिस्तान के पूर्व राजनयिक अब्दुल बासित ने घटना का मजाक उड़ाते हुए इस पर कॉमेडी फिल्म बनाने की मांग की।
अब्दुल बासित हाल ही में एक टीवी शो में इंटरव्यू दे रहे थे। इस दौरान उन्हें इस मामले को लेकर सवाल किए गए। इस पर बासित हंसते हुए नजर आए और उन्होंने इसे कथित तौर पर एक कॉमेडी फिल्म जैसा बताया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
कौन है अब्दुल बासित?
अब्दुल बासित पाकिस्तान के पूर्व वरिष्ठ राजनयिक हैं। वह 2014 से 2017 तक भारत में पाकिस्तान के राजदूत रह चुके हैं। हाल ही में वह पाकिस्तानी न्यूज चैनल एबीएन न्यूज पर एक्सपर्ट के तौर पर नजर आए। कार्यक्रम के दौरान चैनल की एंकर ने उनसे सवाल किया कि बासित साहब, क्या फ्लाईदुबई की फ्लाइट को वास्तव में हाईजैक करने की कोशिश की गई थी या फिर पूरा मामला कुछ और है?
सवाल सुनने के बाद अब्दुल बासित मुस्कुराते हुए दिखाई दिए। उन्होंने कहा, ‘ओफ्फ, ये भी बड़ा जबरदस्त ही।’ कुछ सेकेंड रुकने के बाद उन्होंने कहा कि इस घटना पर एक फिल्म बनाई जानी चाहिए। इसके बाद बासित हंसने लगे। अपनी हंसी को रोकते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह से कथित आतंकी कार्रवाई में घटनाक्रम सामने आया है, उस पर फिल्म बन सकती है और उनके मुताबिक वह शायद एक कॉमेडी फिल्म होगी। उन्होंने आगे कहा कि इस पूरे मामले में उन्हें कॉमेडी ज्यादा नजर आती है।
घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने का आरोप
हालांकि, इसके बाद बासित ने अपनी बात को संतुलित करते हुए कहा कि शुक्र है कि इस घटना में कोई बड़ी त्रासदी नहीं हुई। लेकिन अपनी बात आगे बढ़ाते हुए वह एक बार फिर हंसने लगे। खुद को संभालने के बाद उन्होंने कहा कि जिस तरह से इस घटना को इजरायल और भारत की ओर से पेश किया जा रहा है, वह उन्हें ज्यादा कॉमेडी जैसा लगता है।
बासित ने आगे दावा किया कि बड़े अंतरराष्ट्रीय चैनल, जिनमें सीएनएन भी शामिल है, अब कथित तौर पर इजरायल की थ्योरी और भारत की ओर से कही जा रही बातों को लेकर सवाल उठा रहे हैं और उन्हें चुनौती दे रहे हैं। इस तरह फ्लाईदुबई विमान से जुड़ी घटना पर अब्दुल बासित की टिप्पणी और बातचीत के दौरान उनका बार-बार हंसना चर्चा का विषय बन गया है।
इजरायली नागरिकों से भरे प्लेन में आतंकी घटना
बुधवार, 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला हुआ था। फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी। को-पायलट ने कॉकपिट के अंदर मच्छार पर हमला किया, जिससे भारतीय कैप्टन गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद विमान तेजी से नीचे की ओर जाने लगा। मच्छार ने घटना को लेकर पीएम मोदी से बातचीत में बताया कि उन्हें पता था कि विमान नीचे जा रहा है और घायल होने के बावजूद वे कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। यात्री कॉकपिट में गए और संदिग्ध को काबू करने में मदद की।
विमान का रुख सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ा गया, जहां सुरक्षित लैंडिंग किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, इस उड़ान में 182 लोग सवार थे। UAE इस घटना की जांच कर रही है। सरकारी वकील घटना से जुड़ी परिस्थितियों और मकसद की जांच कर रहे हैं। वे यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या इस हमले में कोई आतंकी गतिविधि या पहले से की गई कोई योजना शामिल थी।
