.
सीधी। गांजा तस्कर को फरार कराने वाले हमलावरों को पकड़ने में पुलिस तीसरे दिन भी नाकाम रही। सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना अन्तर्गत छुहिया घाटी में फिल्मी स्टाइल में ओड़िशा पुलिस पर हमला कर कुख्यात आरोपी को हमलावर ले गये।
गौरतलब है कि ओडिशा पुलिस एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को ओडिशा से रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी। पुलिस टीम में कुल 8 पुलिसकर्मी थे, जिनमें एक सब इंस्पेक्टर तथा दो ड्राइवर शामिल थे। सीधी – रीवा की सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में अभी मंगलवार दोपहर बदमाशों ने ओडिशा पुलिस की टीम पर फायरिंग कर कुख्यात गांजा तस्कर को छुड़ा लिया। बदमाश रैली करते हुए तीन गाड़ियों में पहुंचे और पुलिस गाड़ी के सामने दो गाड़ी लगाकर रोकी गई जबकि बदमाशों की एक गाड़ी पीछे थी। दहशत फैलाने बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेरकर दो राउंड गोली चलाई। बेसबॉल बैट से भी हमला किया। मिर्ची स्प्रे का उपयोग किया। इसके बाद पुलिस वाहन से आरोपी को लेकर सभी बदमाश मैहर की ओर भाग गए।
घटना में पुलिस वाहन का कांच टूट गया और एक टायर में गोली लगी। घटना के समय ओडिशा पुलिस की टीम के पास एके-47 पिस्टल समेत अन्य हथियार थे। फिर भी पुलिस कर्मी बदमाशों के सामने लाचार रहे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रीवा रेंज के आईजी, डीआईजी, एसपी रीवा, एसपी सीधी समेत तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुचे। घटना के बाद सीधी पुलिस ने आसपास के थानों को अलर्ट किया। संदिग्ध वाहनों और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई । छुहिया घाटी और आसपास के इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई । फिर भी बदमाशों को पकड़ने में पुलिस नाकाम है। ऐसे में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस जल्द अलर्ट मोड में आने के बाद भी आखिर बदमाशों का सुराग नही लगा पा रही है। साफ है कि बदमाश मौके से मैहर की ओर वाहन से भागे लेकिन कुछ आगे ही सुरक्षित ठिकाने में उनके वाहन रुक गये।
8 पुलिस टीम बदमाशों के पीछे लगी-
रीवा रेंज के आईजी द्वारा बदमाशों को पकड़ने के लिए 8 पुलिस टीमें लगाई गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार कुछ संदिग्धों से पुलिस पूंछताछ कर बदमाशों का सुराग लगाने में मुस्तैद है। पुलिस को कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। विभागीय सूत्र जल्द बदमाशों तक पहुंचने का दावा भी कर रहे हैं। ऐसे में बदमाशों तक जल्द पुलिस के पहुंचने की संभावना भी बन रही है।
