वाशिंगटन, एक अक्टूबर (वार्ता) अमेरिकी युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने अमेरिकी सेना की युद्ध तत्परता, स्वायत्त युद्ध तकनीकों , घरेलू आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती और तकनीकी श्रेष्ठता को दोबारा स्थापित करने के उद्देश्य से छह प्रमुख रणनीतिक पहलों की घोषणा की है।
मैरिन कॉर्प्स बेस क्वांटिको में जूनियर अधिकारियों को संबोधित करते हुए श्री हेगसेथ ने ‘ऑटोनॉमस वॉरफेयर कमांड’, ‘अमेरिराज कॉर्प्स ऑफ कैडेट्स’, ‘फोर्ट्रेस अमेरिका’ तत्परता पहल, ‘नेक्स्ट ग्रेट अमेरिकन बेस’ परियोजना, ‘धार्मिक मामलों का कार्यालय’ और ‘प्रोजेक्ट मरिडियन’ नामक छह बड़े कार्यक्रमों का खाका पेश किया।
श्री हेगसेथ ने कहा कि इन पहलों का मुख्य उद्देश्य आने वाले वर्षों में विभाग की प्राथमिकताओं को तय करना और अमेरिकी सैन्य क्षमता को आधुनिक युद्धक्षेत्र की चुनौतियों के अनुरूप ढालना है।
इन पहलों के तहत अमेरिका 1 अक्टूबर 2027 तक एक चार-सितारा कार्यात्मक लड़ाकू कमान के रूप में ‘ऑटोनॉमस वॉरफेयर कमांड’ की स्थापना करेगा, जो सशस्त्र बलों में ड्रोन और स्वायत्त प्रणालियों के उपयोग का विस्तार करेगी। इसके अलावा, ‘अमेरिकाज कोर ऑफ कैडेट्स’ कार्यक्रम के तहत लुइसियाना स्टेट यूनिवर्सिटी और लिबर्टी यूनिवर्सिटी जैसे प्रमुख संस्थानों के साथ साझेदारी करके नए सैन्य अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया को मजबूत किया जाएगा। वहीं, ‘फोर्ट्रेस अमेरिका’ पहल का उद्देश्य विदेशी आपूर्ति श्रृंखलाओं पर निर्भरता समाप्त कर सैन्य ठिकानों को बिजली आपूर्ति में आत्मनिर्भर बनाना और दुर्लभ धातुओं, सेमीकंडक्टर तथा गोला-बारूद के घरेलू उत्पादन एवं भंडार को बढ़ाना है।
इसके साथ ही, एक नए विशाल सैन्य अड्डे के निर्माण के लिए ‘नेक्स्ट ग्रेट अमेरिकन बेस’ परियोजना शुरू की जाएगी, जो पूरी तरह से स्वतंत्र ऊर्जा प्रणालियों और आधुनिक हवाई रक्षा से लैस होगी। सैन्य कर्मियों को धार्मिक सहायता और स्वतंत्रता प्रदान करने के लिए ‘धार्मिक मामलों का कार्यालय’ गठित किया गया है।
भविष्य की युद्ध प्रौद्योगिकियों के अध्ययन के लिए ‘प्रोजेक्ट मरिडियन’ शुरू किया गया है, जिसकी सह-अगुवाई मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी एमील माइकल के साथ एलन मस्क, पामर लकी और न्यूट गिंगरिच करेंगे, जिन्हें 120 दिनों में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

