शिवपुरी: करैरा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पुलिस लाइन के पास स्थित पीपल वाले कुएं में एक महिला और उसके 6 साल के बेटे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान शिवानी विश्वकर्मा और उसके 6 वर्षीय बेटे भोलू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों रात से लापता थे। कुएं से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने अंदर झांककर देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही करैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, शव निकालते समय महिला ने अपने बेटे को दुपट्टे से अपने शरीर से बांध रखा था।
पारिवारिक जानकारी के मुताबिक, शिवानी का अपने पति भूपेंद्र विश्वकर्मा से पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पति दिल्ली में मजदूरी करता है और घटना के समय दिल्ली में ही था।
पुलिस ने फिलहाल आत्महत्या, हत्या और दुर्घटना समेत सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
