वाशिंगटन, 30 सितंबर (वार्ता) अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ बुधवार को रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) के उच्च नेतृत्वकारी अधिकारियों में बड़े बदलाव की घोषणा कर सकते हैं। योजना के तहत अमेरिकी सेना में जनरल और एडमिरल के लिए निर्धारित करीब 20 प्रतिशत पदों में कटौती की जा सकती है। अमेरिकी समाचार पत्र ‘द हिल’ ने योजना से परिचित अधिकारियों के हवाले से बताया कि श्री हेगसेथ वर्जीनिया स्थित मरीन कोर बेस क्वांटिको में ‘स्टेट ऑफ द फोर्स’ संबोधन के दौरान आने वाले महीनों के लिए पेंटागन और सशस्त्र बलों की प्राथमिकताओं की रूपरेखा पेश करेंगे।
प्रस्तावित कटौती सेना, नौसेना और वायुसेना में वरिष्ठ नेतृत्व पदों को प्रभावित करेगी। संबंधित सैन्य शाखाओं को कथित तौर पर एक जनवरी तक कटौती लागू करने का निर्देश दिया गया है। कुछ पदों को समाप्त करने के बजाय निचले स्तर पर भी लाया जा सकता है। पेंटागन का कार्यभार संभालने के बाद से श्री हेगसेथ तीनों सैन्य सेवाओं के दो दर्जन से अधिक वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को
हटा चुके हैं, या उन्हें पद छोड़ना पड़ा है। इन बदलावों को लेकर दोनों प्रमुख दलों के सांसदों ने चिंता जतायी है। श्री हेगसेथ पहले भी वरिष्ठ अधिकारियों के ढांचे को छोटा करने की वकालत कर चुके हैं। पिछले वर्ष उन्होंने सक्रिय ड्यूटी
पर तैनात चार सितारा जनरल और एडमिरल की संख्या में कम से कम 10 प्रतिशत कटौती का प्रस्ताव रखा था। मई 2025 में उन्होंने नेशनल गार्ड में जनरल अधिकारियों की संख्या कम से कम 20 प्रतिशत घटाने और एक सितारा या उससे ऊपर के जनरल एवं फ्लैग अधिकारियों की कुल संख्या में 10 प्रतिशत कटौती का भी निर्देश दिया था। उस समय श्री हेगसेथ ने ‘कम जनरल, अधिक सैनिक’ का आह्वान करते हुए कहा था कि संसाधनों को ‘फूले हुए मुख्यालय ढांचे’ से हटाकर युद्धकर्मियों की ओर स्थानांतरित किया जाना चाहिए।
उन्होंने सैन्य नेतृत्व को सुव्यवस्थित करने और दोहराव वाले ढांचे को समाप्त करने के लिए अतिरिक्त जनरल एवं फ्लैग ऑफिसर पदों में कटौती को आवश्यक बताया था। श्री हेगसेथ ने अमेरिकी सैन्य अकादमियों में असैन्य शिक्षकों की भूमिका में बदलाव के निर्देश भी दिये हैं। उन्होंने स्थायी पदों पर असैन्य शिक्षकों की नियुक्ति रोकने और ऐसे भर्ती कार्यक्रम तैयार करने को कहा है, जिनमें संस्थागत लचीलापन तथा युद्धक मिशन में शिक्षकों के योगदान को प्राथमिकता दी जाये।
श्री हेगसेथ ने कहा है कि सैन्य अकादमियों का मुख्य उद्देश्य अगली पीढ़ी के अधिकारियों को देश की सेना का नेतृत्व करने के लिए तैयार करना है। उन्होंने तर्क दिया कि असैन्य शिक्षकों के कार्यकाल संबंधी स्थायी व्यवस्था से अकादमिक ठहराव और संस्थागत स्तर पर बदलती जरूरतों के अनुरूप ढलने में कठिनाई पैदा हो सकती है। पेंटागन के नेतृत्व में प्रस्तावित बदलावों और सैन्य अकादमियों में सुधार की योजनाओं को लेकर अमेरिकी कांग्रेस में भी आलोचना और चिंता सामने आयी है।

