सोमवार की देर रात जिला अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब बच्चा चोरी के शक में एक युवक को पकडक़र परिजनों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में उसकी चिकित्सकीय जांच कराई। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल के डिलेवरी वार्ड में एक प्रसूता भर्ती थी। इसी दौरान उसके नवजात के पास एक युवक पहुंच गया। परिजनों ने उसे बच्चा चोरी करने के प्रयास के शक में पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हेमंत शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को अपने कब्जे में ले लिया।
मानसिक स्थिति पर सवाल
पुलिस ने युवक की जिला अस्पताल में एमएलसी कराई। इसके बाद उसे थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र करीब 25 वर्ष है और वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि युवक ठीक से बोल भी नहीं पा रहा है। पुलिस अब युवक के अस्पताल पहुंचने, परिजनों और युवक के बीच किसी प्रकार के संबंध तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल बच्चा चोरी के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इनका कहना है
मामला सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक तौर पर उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
मनीष त्रिपाठी, सीएसपी सतना।
