
छिंदवाड़ा। कोयलांचल क्षेत्र में बिना आवश्यक दस्तावेजों के उपचार किए जाने की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने न्यूटन मार्ग स्थित अंजलि क्लीनिक को सील कर दिया है। क्लीनिक का संचालन अजय भगत द्वारा लंबे समय से किए जाने की बात सामने आई है। शिकायत मिलने के बाद परासिया बीएमओ डॉ. अंकित सहलाम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक पहुंचकर जांच की।जांच के दौरान टीम ने संचालक से उपचार करने से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। हालांकि, संचालक मौके पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पंचनामा कार्रवाई की और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए संचालक को पांच दिन का समय दिया है।
तब तक क्लीनिक को सील रखने की कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार, परासिया के वार्ड क्रमांक एक निवासी एक शिक्षिका ने अपने बीमार पुत्र और पुत्री का उपचार अंजलि क्लीनिक में कराया था। उपचार के बाद पुत्री की तबीयत अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तत्काल छिंदवाड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसका उपचार जारी है। इसी घटना के बाद क्लीनिक संचालक पर गलत उपचार किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक जांच में फिलहाल उपचार संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने की बात सामने आई है। बीएमओ के अनुसार, आगे की कार्रवाई संचालक द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेज और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
