मुरैना के स्कूल में जर्जर छत के नीचे बारिश में टपकती बूंदों के बीच पढ़ रहे बच्चे

मुरैना। रामपुर इलाके में बने चक्कपुरा प्राथमिक स्कूल की हालत इतनी खस्ता हो चुकी है कि यहाँ पढ़ने वाले 50 मासूमों का भविष्य दांव पर है। बारिश शुरू होते ही छतों से पानी टपकने लगता है, जिससे बचने के लिए बच्चों को कभी गीले फर्श पर भीगते हुए पढ़ना पड़ता है, तो कभी बाहर खुले मैदान में बोरियां बिछाकर बैठना पड़ता है।

कमरों में फैली सीलन और कभी भी गिर सकने वाले प्लास्टर की वजह से बच्चों के माता-पिता की सांसें अटकी रहती हैं। जब भी आसमान में बादल घिरते हैं, अभिभावकों को किसी अनहोनी का डर सताने लगता है। परेशान ग्रामीणों ने अब शिक्षा विभाग के अफसरों से साफ कहा है कि वे खुद आकर इस जर्जर इमारत का मुआयना करें और तुरंत छत की मरम्मत करवाएं।

गांव के लोगों का गुस्सा इस बात पर भी फूट रहा है कि स्कूल में पिछले 12 सालों से एक ही प्रधान अध्यापक तैनात हैं। गांव के रहने वाले रामावतार का कहना है कि एक दशक से ज्यादा के इस लंबे वक्त में तो पूरे स्कूल की सूरत बदली जा सकती थी। लेकिन इतने साल बीत जाने के बाद भी नौनिहाल पानी से भरे कमरों में बैठने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने स्कूल के मेंटेनेंस में मिलने वाली सरकारी राशि पर भी संदेह जताया है। नियमों के मुताबिक हर साल स्कूल के रखरखाव के लिए बाकायदा फंड जारी होता है और चक्कपुरा स्कूल को भी यह बजट मिला है। इसके बावजूद इमारत की बदहाली दूर क्यों नहीं हुई? गांव वालों ने मांग की है कि पिछले सालों में आए मेंटेनेंस बजट और उससे कराए गए कागजी कामों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

*जांच के बाद होगी कार्रवाई*

मुरैना डीपीसी हरीश तिवारी ने कहा कि जब शासन की तरफ से रखरखाव का नियमित बजट दिया जा रहा है, तो फिर मरम्मत न होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने भरोसा दिया है कि वे खुद मौके पर जाकर स्कूल भवन का जायजा लेंगे।

Next Post

पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे के बड़े भाई राजकुमार उर्फ कुमार कावरे को भोपाल से गिरफ्तार किया गया

Mon Sep 21 , 2026
बालाघाट, सुत्रों से मिली जानकारी अनुसार मध्य प्रदेश के बहुचर्चित बालाघाट चावल घोटाला (फोर्टिफाइड चावल हेराफेरी कांड) में विशेष जांच दल (SIT) ने 20 सितंबर 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष और पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे के बड़े भाई राजकुमार उर्फ कुमार कावरे को भोपाल से गिरफ्तार कर […]

You May Like