इंदौर:बजरंग नगर में शराब के लिए रुपए मांग रहे बदमाशों ने मोमोज दुकानदार पर खौलता तेल फेंक दिया. उसे बचाने आए युवक पर चाकू से हमला कर दिया.
बजरंग नगर में रहने वाले समीर मोरे ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब 9.30 बजे वह मोमोज की दुकान पर था. इसी दौरान दो बाइक से चार युवक पहुंचे. पहले उन्होंने मुफ्त में मोमोज मांगे और बाद में शराब के लिए रुपए मांगने लगे. समीर ने इनकार किया तो बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी.
इसी दौरान कढ़ाई का खौलता तेल उस पर फेंक दिया. समीर के साथ मारपीट होते देख पड़ोसी हर्ष गणगोरे बीच-बचाव करने पहुंचा. हर्ष अपनी बहन के साथ मोमोज लेने आया था. आरोप है कि दो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर हाथ-पैर में वार किए, इसके बाद सभी भागने लगे. शोर सुनकर आसपास के लोगों ने पीछा कर शुभम पंडित को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. उसके साथी अमन गेले, पीयूष और पवन गुर्जर भाग निकले. पुलिस ने देर रात कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है.
