राष्ट्रीय इस्पात निगम के 459 भूखंडों की नीलामी से पहले वित्त मंत्रालय की ओर से अगले सप्ताह आयोजित किये जाएंगे निवेशक समागम

नयी दिल्ली 17 सितंबर (वार्ता) वित्त मंत्रालय सरकारी क्षेत्र की कंपनी राष्ट्रीय इस्पात निगम लि (आरआईएनएल) के 459 ज़मीन के टुकड़ों की अगले माह करायी जाने वाली ई-नीलामी से पहले संभावित निवेशकों के साथ सम्पर्क स्थापित करने के अभियान के अंतर्गत विशाखापत्तनम, हैदराबाद और विजयवाड़ा में निवेशक समागम आयोजित करेगा।

वित्त मंत्रालय के लोक उपक्रम विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण में काम करने वाली कंपनी नेशनल लैंड मोनेटाइजेशन कॉर्पोरेशन 23 सितंबर को विशाखापत्तनम में, 24 सितंबर को विजयवाड़ा और 25 सितंबर को हैदराबाद में निवेशकों के समक्ष इस विषय में प्रस्तुति देगी। इन बैठकों का मकसद संभावित निवेशकों, डेवलपर कंपनियों और अन्य योग्य प्रतिभागियों को राष्ट्रीय इस्पात निगम के इन भूखंडों की स्थिति , नीलामी प्रक्रिया, बोली लगाने की ज़रूरतों और अन्य संबंधित जानकारियों को समझने और संबंधित हितधारकों के साथ बातचीत करने का मौका देना है।

राष्ट्रीय इस्पात निगम की जमीनों की सूची में विशाखापत्तनम के एचबीकॉलोनी, मड्डिलापालेम और ऑटो नगर, गजुवाका में कुल 93,572.21 वर्ग गज में फैले 459 प्लॉट हैं। इनका आकार 128.94 वर्ग गज से लेकर लगभग 2,728 वर्ग गज तक का है।

ये भूखंड ऋण मुक्त और निर्विवाद सरकारी सम्पत्ति हैं जिन्हें नीलामी की शर्तों के अधीन हस्तांतरित किया जायेगा। नीलामी के लिए क्विकर इंडिया प्रा लि को क्रय-बिक्रय परामर्शदाता नियुक्त किया गया है।

ई-नीलामी रेलटेल के ई-निविदा ई-प्रोक्योरमेंट प्लेटफॉर्म के ज़रिए दो सत्रों में की जाएगी। पहला दिन 12 अक्टूबर 2026 को होगा, जिसमें 243 भू-खंड बोली पर चढ़ाये जाएंगे।पहले दिन की बोली में शामिल होने वालों के लिए पंजीकरण तथा बयाना जमा करने की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर, 5:00 बजे तक है।

नीलामी की अगली तारीख 16 अक्टूबर को रखी गयी है जिसमें 216 प्लॉट रखे जाएंगे और इसमें भाग लेने के लिए पंजीकरण और बयान जमा कराने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर रखी गयी है। बयान 2 लाख रुपये प्रति भूखंड रखा गया है। बोली लगाने के इच्छुक लोगों को तय समय-सीमा के अंदर रजिस्ट्रेशन, केवाईसी की प्रक्रिया भी पूरी रखनी होगी।

 

 

 

Next Post

सेवा संकल्प अभियान में आशीर्वाद के 51 हजार दीपों से जगमगाया पचमठा

Thu Sep 17 , 2026
रीवा,  सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर रीवा बीहर नदी रिवर फ्रंट के पचमठा घाट पर 51 हजार आशीर्वाद के दीपक जलाए गए. रिवर फ्रंट के साथ निर्मित बीहर नदी के मनोरम घाट पर जगमगाते हजारों दीपकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आशीर्वाद और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम का […]

You May Like